
Rajasthan : कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की राजस्थान के BJP प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने निंदा की। मदन राठौड़ ने कहा कि राजनीति में विरोध हो, लेकिन शब्दों की मर्यादा जरूरी है। राठौड़ ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है। मदन राठौड़ ने कहा कि विरोध करें, सरकार की गलतियां बताएं, आलोचना करें। पर किसी व्यक्ति को अपमानित करने वाली भाषा स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजनीति में इससे अधिक हल्कापन नहीं हो सकता है। मल्लिकार्जुन खरगे के बयान का जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। साथ पूरी भाजपा इस बयान की कड़ी निंदा करती है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ऐसा क्या था, जिसके बाद भारतीय राजनीति में हंगामा मच गया। पटना में संबोधन के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पीएम मोदी के पिता पर विवादित बयान दिया है। खरगे ने कहा कि 'मोदी का बाप भी जाएगा'। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे ने ये बयान उस वक्त दिया, जब एक शख्स उनके भाषण के दौरान बीच में बोल पड़ा था कि 'मोदी नहीं जाएगा'। इस पर खरगे ने नाराजगी जताते हुए कहा कि 'मोदी का बाप भी जाएगा।'
जयपुर में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान पर निशाना साधते हुए कहा, जिस तरह से उन्होंने प्रधानमंत्री के पिता का अपमान किया है, मैं उस बयान की घोर निंदा करती हूं। इससे पहले उनकी मां का भी बहुत बार अपमान कर चुके हैं। ये इनके संस्कार हैं। प्रधानमंत्री मोदी इस देश के प्रधानमंत्री है। वह रात दिन एक करके इस देश को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं। उनके परिवार के बारे में, उनके पिता के बारे में, इस तरह की अभद्र भाषा का इस्तेमाल करना बहुत ही गलत है। उनको माफी मांगनी चाहिए।
जोधपुर में केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी पीएम मोदी के खिलाफ मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर कहा, दुर्भाग्यपूर्ण हैं भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था में शायद इस तरह की टिप्पणी के लिए कही कोई गुंजाइश नहीं है और ये पहली बार नहीं कि उन्होंने ऐसा बोला हो। मुझे लगता कि ये कांग्रेस की मानसिक दिवालियापन है।