जयपुर

Rajasthan: ‘कांग्रेस का चरित्र सबके सामने है’, मेवाराम जैन की वापसी पर बोले मदन राठौड़; सोनम वांगचुक पर क्या कहा?

Rajasthan Politics: बीजेपी राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
2 min read
Sep 28, 2025
Madan Rathore
फोटो- पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan Politics: बीजेपी राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने रविवार को जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान, बाड़मेर के पूर्व विधायक मेवाराम जैन की कांग्रेस में वापसी और हनुमान बेनीवाल पर पलटवार किया।

गिरफ्तारी पर गहलोत को घेरा

सोनम वांगचुक की गिरफ्तारी और उन्हें जोधपुर जेल लाए जाने को लेकर अशोक गहलोत के बयान पर राठौड़ ने तंज कसते हुए कहा कि गहलोत बिना पूरी जानकारी के बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि गहलोत ने यह नहीं पढ़ा कि वांगचुक का पाकिस्तान से किस तरह का संपर्क रहा। उनके कृत्य पाकिस्तान प्रेरित थे।

मदन राठौड़ ने कहा कि जब उन्हें गिरफ्तार किया गया तो यह समझ से परे है कि गहलोत को क्या आपत्ति है? हिंदुस्तान एक है और उन्हें देश की किसी भी जेल में रखा जा सकता है। राठौड़ ने अशोक गहलोत की टिप्पणी को गैर-जिम्मेदाराना करार दिया।

मेवाराम जैन की वापसी पर सवाल

बाड़मेर के पूर्व विधायक मेवाराम जैन की कांग्रेस में वापसी और उनके स्वागत में लगे पोस्टरों पर राठौड़ ने कांग्रेस के चरित्र पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चरित्र सबके सामने है। वे ऐसे लोगों को पार्टी में वापस ले रहे हैं, जिन्हें पहले बाहर का रास्ता दिखाया गया था। कांग्रेस नेता दुष्कर्म की घटनाओं पर कहते थे कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। राजनीति में व्यक्तिगत जीवन में भी शुचिता होनी चाहिए।

राठौड़ ने सवाल किया कि मेवाराम जैन को पहले पार्टी से क्यों निकाला गया और अब उनकी वापसी के पीछे क्या कारण हैं। उन्होंने कहा कि क्या वे कारण अब खत्म हो गए, जिनके चलते उन्हें निकाला गया था?

यहां देखें वीडियो-


हनुमान बेनीवाल को बताया भ्रमित

नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा भाजपा में फूट के दावे पर राठौड़ ने कहा कि बेनीवाल की न तो कोई नीति है, न नियम और न ही विचारधारा। वे खुद भ्रमित रहते हैं। कभी भाजपा के साथ आते हैं, कभी कांग्रेस के साथ चले जाते हैं। ऐसे व्यक्ति हमारे संगठन पर क्या टिप्पणी करेंगे? राठौड़ ने बेनीवाल के बयानों को गंभीरता से लेने से इनकार करते हुए उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठाए।

प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा जल्द

भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के गठन को लेकर राठौड़ ने कहा कि पार्टी का संगठन नीचे से ऊपर तक लोकतांत्रिक तरीके से काम करता है। बूथ, मंडल, जिला और प्रदेश स्तर से प्रस्ताव लेकर सूची तैयार की जाती है, जिसे राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद घोषित किया जाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर एक-एक प्रदेश की सूचियां जारी हो रही हैं। बहुत जल्द राजस्थान की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा होगी। हमारी टीम पहले से ही सक्रियता से काम कर रही है।

Updated on:
28 Sept 2025 05:46 pm
Published on:
28 Sept 2025 05:46 pm