
जयपुर। विश्वकर्मा इलाके में महेश मीणा हत्याकांड की जांच में पुलिस पूछताछ के दौरान ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने पूरे मामले को और भी सनसनीखेज बना दिया है। पुलिस के अनुसार, कविता पक्के तौर पर महेश की हत्या करना चाहती थी, उसको इस बात की आशंका थी कि यदि घर के अंदर घटना को अंजाम देती है तो घर वाले समय पर महेश को अस्पताल ले जाकर उसकी जान बचा लेंगे। इसके अलावा उसकी पोल-पट्टी भी खुल जाएगी। इसी वजह से उसने घर के बाहर साजिश को अंजाम दिया।
आरोपी पत्नी कविता मीणा ने कथित तौर पर चलती बाइक पर पति को कीटनाशक मिला जूस पिलाया। महेश ने जूस पीने से इनकार किया तो उसने प्यार की कसम दिलाई। प्यार के वास्ते महेश ने जूस पी लिया। जूस पीने के करीब आधे घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह उल्टियां करने लगा।
पुलिस के मुताबिक, कविता करीब डेढ़ घंटे तक पति की बिगड़ती हालत देखती रही। इसके बावजूद उसे अस्पताल ले जाने के बजाय वह उसे लेकर घूमती रही। मामले में पुलिस ने कविता मीणा (23) और उसके कथित बॉयफ्रेंड गणेश मीणा (27) को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस हत्या की पूरी साजिश की कड़ियों को जोड़ रही है।
पुलिस पूछताछ में कविता ने कथित तौर पर बताया कि उसका पड़ोस में रहने वाले गणेश से करीब 9 साल से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की सहमति नहीं बनी। करीब डेढ़ साल पहले कविता की शादी महेश से कर दी गई। पुलिस के अनुसार, कविता इस शादी से खुश नहीं थी और पति से अलग होने के लिए उसने कई बार प्रयास किया।
कविता ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह महेश पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाकर मायके जाने का प्रयास भी कर चुकी थी, लेकिन परिवार के दबाव के कारण रिश्ता खत्म नहीं कर सकी। इसी दौरान गणेश उस पर महेश को छोड़ने का दबाव बनाता रहा।
पुलिस के मुताबिक, बार-बार की बातचीत के दौरान गणेश ने ही महेश को रास्ते से हटाने का सुझाव दिया। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि करीब चार महीने पहले कविता ने अपने पिता से कीटनाशक दवा मंगवाई थी।
हालांकि, घर में जहर देने की योजना बाद में बदल दी गई। कविता को डर था कि महेश की हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे अस्पताल ले जाएंगे और पूरा मामला सामने आ जाएगा। इसलिए उसने जहर का कुछ हिस्सा अपने पास रख लिया, जबकि बाकी दवा घर में इस्तेमाल करने के लिए दे दी।
पुलिस के अनुसार, 5 अगस्त को कविता ने महेश से नई नाथ मंदिर जाने की बात कही। दोपहर करीब 11 बजे दोनों बाइक से निकले। रास्ते में जूस खरीदा गया। आरोप है कि कविता ने उसी जूस में पहले से रखी कीटनाशक दवा चलती बाइक पर ही मिला दी। इसके बाद महेश को जूस पीने का दबाव बनाने लगी। महेश ने जूस पीने से मना किया तो उसे प्यार का वास्ता देकर जूस पिला दिया।
करीब आधे घंटे बाद महेश की हालत बिगड़ने लगी। वह उल्टियां करने लगा। इसके बावजूद उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय आरोपी उसे लेकर घूमते रहे। पुलिस के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे तक कविता महेश की हालत बिगड़ते देखती रही।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे गणेश अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा। इसके बाद महेश को बेहोशी की हालत में बाइक से इधर-उधर ले जाया गया। शाम करीब पांच बजे उसे विश्वकर्मा स्थित 14 नंबर पुलिया के पास ले जाया गया। वहां महेश की मौत की पुष्टि होने के बाद गणेश और उसके साथी कथित तौर पर वहां से चले गए। इसके बाद कविता ने परिजनों को मौके पर बुलाया।
शुरुआत में पुलिस के सामने महेश को जहर दिए जाने की स्पष्ट वजह नहीं थी। जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज ने मामले की दिशा बदल दी। फुटेज में दिखाई देने वाले युवकों की पहचान और उनके बारे में जानकारी जुटाने पर पुलिस को कविता और गणेश के संबंधों का पता चला। इसके बाद सोशल मीडिया और फेसबुक से मिली तस्वीरों ने भी दोनों के बीच संबंधों की कड़ियां जोड़ दीं।
परिजनों की ओर से पुलिस को उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों और CCTV फुटेज की जांच के बाद कथित हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य लोगों और हत्या की पूरी योजना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।