
जयपुर। आमेर थाना क्षेत्र के बंद तालाब क्षेत्र में मंगलवार की सुबह बरगद के पेड़ से एक 40 साल के व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पेड़ से लटका व्यक्ति बिजली के तारों से गले मे फंदा लगाए हुए मिला। मृतक की पहचान हम्मीर सिंह के रूप में हुई। वह मूल रूप से बांदीकुई दौसा का रहने वाला है और हाल ही आमेर में रामबाबू सैनी के यहां अपनी बीवी और 2 बच्चों के साथ रह रहा था।
आमेर महल में ई-रिक्शा चलाने का काम करने वाले हम्मीर के पेड़ से लटके होने की सूचना सुबह लगभग पौने सात बजे मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर शव को आमेर के मुर्दाघर में रखवाया है।
प्रथम दृष्टया पुलिस आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है लेकिन शव के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने बताया कि घटना सुबह 5 बजे के करीब की है। सूचना मिलने पर मृतक की पत्नी की ताबियक्त बिगड़ गयी। परिवार में एक बेटा और एक बेटी है।
वहीं दूसरी ओर... नाई की थड़ी में युवक का शव मिलने से सनसनी
जयपुर। आमेर के नाई की थड़ी इलाके में अलसुबह 30 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मुबारिक नाम का युवक नाई की थड़ी का ही रहने वाला है। पुलिस ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाकर शव को मुर्दाघर में रखवाया है। प्रथमदृष्टया पुलिस हत्या कहीं और करके शव को कार में रखकर यहां डालना मान रही है। हत्या सोमवार देर रात करना बताई जा रही है।