
जयपुर। आम आदमी पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए आक्रामक प्रचार की रणनीति बनाई है। इसके तहत प्रदेश में चुनाव प्रचार के लिए युवा चेहरों के साथ अनुभवी लोगों को भी शामिल किया जा रहा है। हाल ही जयपुर के रामलीला मैदान में सभा कर चुके पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री Arvind Kejriwal की अब एक महीने बाद दूसरी सभा होगी। वहीं दिवाली के बाद दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री manish sisodia , सांसद संजय सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लाम्बा समेत पार्टी के 40 विधायक सक्रिय हो जाएंगे। केजरीवाल फिलहाल मध्यप्रदेश में प्रचार की कमान संभाले हुए हैं।
ये हैं पार्टी के स्टार प्रचारक
राजपूत बाहुल्य इलाकों में सबसे ज्यादा मांग मनीष सिसोदिया और संजय सिंह की है। आने वाले दिनों में दोनों नेता जोधपुर और चित्तौडगढ़ में मोर्चा संभाल सकते हैं। जिन 62 सीटों पर पार्टी ने उम्मीदवार उतार दिए हैं, वहां से बड़े नेताओं की मांग लगातार प्रदेश नेतृत्व को मिल रही है। उसी के लिहाज से पार्टी रूटमैप तैयार भी कर रही है।
मनीष सिसोदिया
जयपुर के अलावा अजमेर, जोधपुर, चित्तौडगढ़़ में संगठन प्रचार की कमान सौंपेगा। दिवाली बाद वे राज्य में सक्रिय हो जाएंगे। जनसभा के अलावा वे रोड शो भी कर सकते हैं।
संजय सिंह
गंगानगर, अलवर, जयपुर, जोधपुर और भरतपुर से कार्यकर्ता चाहते हैं कि सिंह यहां आकर रैली करें। यहां केजरीवाल के बाद संजय सिंह ही पसंद हैं।
अलका लाम्बा
पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता, इस महीने के मध्य में युवाओं को जोडऩे के लिए रथ यात्रा शुरू करेंगी। उनको पार्टी ने युवाओं की जोडऩे की जिम्मेदारी दी है। जयपुर, कोटा, जोधपुर सहित करीब क्षेत्रों में पार्टी के लिए प्रचार करेंगीं।
अरविंद केजरीवाल
राजधानी में जनसभा का फीडबैक लिया जा रहा है। उसके आधार पर जयपुर में केजरीवाल की एक और जनसभा की संभावना है। अभी वे मप्र चुनाव में व्यस्त हैं। उम्मीद की जा रही है। 24 नवम्बर के बाद राजस्थान में जनसभा करेंगे। उनके अभी सात जनसभा और रोड शो प्रस्तावित हैं।
ये भी करेंगे प्रचार
गोपाल राय, सत्येंद्र जैन, राजेंद्र गौतम, इमरान हुसैन, कैलाश गहलोत। पंजाब केके सांसद भगवंत मान, सुशील गुप्ता, अमानतुल्ला खान, सुरेंद्र कमांडो, राखी बिड़ला, सौरभ भारद्वाज, सोमनाथ, अनिल बाजपेयी समेत अन्य विधायक पार्टी के प्रचार में दिखेंगे।
- पार्टी के अधिकतर नेता अभी मप्र, छत्तीसगढ़ के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। दिवाली बाद कुछ नेताओं की सक्रियता यहां बढ़ेगी। इनमें दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित दिल्ली और पंजाब के विधायक भी शामिल हैं।
देवेंद्र शास्त्री, समन्वयक, आम आदमी पार्टी