जयपुर

मनोहरपुर-दौसा NH-148 के फोरलेन टेंडर मामला, दिल्ली से आई NHAI टीम ने 2 घंटे तक किया सर्वे

NH-148 Four Lane Project : मनोहरपुर-दौसा एनएच-148 के प्रस्तावित फोरलेन निर्माण को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की नई दिल्ली से आई टीम ने रविवार को विस्तृत निरीक्षण किया।

less than 1 minute read
May 04, 2026
Feature image
फोटो पत्रिका नेटवर्क

NH-148 Four Lane Project : गठवाड़ी (जयपुर)। मनोहरपुर-दौसा एनएच-148 के प्रस्तावित फोरलेन निर्माण को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की नई दिल्ली से आई टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने डीपीआर तैयार कर रही कंपनी के अधिकारियों के साथ मनोहरपुर से दौसा तक हाईवे का जायजा लिया।

निरीक्षण दल में एनएचएआई मुख्यालय के मुख्य महाप्रबंधक के.एम. शर्मा, जनरल मैनेजर विक्रम सिंह मीणा और परियोजना निदेशक अजय आर्य शामिल रहे। टीम ने चिलपली मोड़, रायसर, आंधी सहित विभिन्न स्थानों का मौका मुआयना किया। साथ ही दौसा जिले की सीमा में प्रस्तावित करीब दो किलोमीटर लंबे छह लेन मार्ग के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया।

मुख्य महाप्रबंधक ने डीपीआर कंपनी को आमजन की समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए संशोधित डीपीआर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इससे पहले टीम ने जयपुर-दिल्ली हाईवे और जयपुर-अजमेर एक्सप्रेस-वे का भी निरीक्षण कर पुलिया निर्माण सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की।

गौरतलब है कि मनोहरपुर-दौसा हाईवे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए अगस्त 2025 में फोरलेन परियोजना की डीपीआर तैयार करने का कार्य शुरू किया गया था। जनवरी 2026 में टेंडर प्रक्रिया भी प्रारंभ हुई, लेकिन 9 अप्रैल 2026 को इसे निरस्त कर दिया गया। इसके बाद क्षेत्र में विरोध के स्वर उठे थे।

हाल ही में नेकावाला टोल प्लाजा पर आयोजित सार्वजनिक परामर्श बैठक में एनएचएआई अधिकारियों ने 6 से 8 माह में पुनः टेंडर जारी करने का आश्वासन दिया था। अब क्षेत्रवासियों को फोरलेन निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान एनएचएआई, मेंटिनेंस कंपनी और डीपीआर एजेंसी के कई अधिकारी मौजूद रहे।

Published on:
04 May 2026 02:46 pm