
जयपुर। नगर निगम चुनाव में पार्षदों की तस्वीर साफ होने के बाद अब महापौर की कुर्सी पर कौन बैठेगा, इसकी पटकथा लिखी जानी शुरू हो गई है। जयपुर समेत प्रदेश के तीन बड़े नगर निगमों में महापौर चुनाव की प्रक्रिया आज से शुरू हो रही है। राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के साथ ही सियासी हलकों में जोड़-तोड़, दावेदारी और रणनीति का दौर तेज हो गया है। जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों में महापौर तथा सुकेत नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए आज लोक सूचना जारी होगी। जयपुर में 19 सितंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे, जबकि 21 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा और 22 सितंबर को नाम वापसी के बाद महापौर की जंग का असली चेहरा सामने आएगा।
महापौर पद के लिए मतदान 25 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। यानी जयपुर को 25 सितंबर को नया महापौर मिल जाएगा।
जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों तथा सुकेत नगरपालिका के कुछ वार्डों में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण चुनाव कार्यक्रम स्थगित किया गया था। इन वार्डों में 16 सितंबर को दोबारा मतदान कराया गया। इसके बाद 17 सितंबर को परिणाम घोषित हुए।
सुकेत नगरपालिका में उपाध्यक्ष पद का चुनाव 26 सितंबर को होगा। नामांकन सुबह 10 से 11 बजे तक, संवीक्षा 11:30 बजे से और नाम वापसी दोपहर 2 बजे तक होगी। जरूरत पड़ने पर दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान के तुरंत बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।