
Rajasthan Pradhan Chunav Result : राजस्थान में चाहे सत्ताधारी दल भाजपा हो या विपक्षी दल कांग्रेस दोनों ही पार्टियों में वंशवाद और परिवारवाद की बेल इन चुनावों में जमकर लगाई थी। हालांकि इनमें से परिवारवाद से आने वाले कई नेताओं को जनता ने नकार तो कई नेताओं को जनता ने अपने सिर माथे पर भी बैठाया है। सीकर के खंडेला पंचायत समिति से पूर्व केन्द्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला की पुत्रवधू मीनाक्षी सिंह ने चुनाव जीता है। वहीं झुंझुनूं के पंचायत समिति सूरजगढ़ में सविता सिंह प्रधान चुनी गईं।
सीकर जिले खंडेला पंचायत समिति में पूर्व केन्द्रीय मंत्री महादेव सिंह खंडेला की पुत्रवधू मीनाक्षी सिंह ने चुनाव जीता है। उन्होंने 22 मत हासिल कर भाजपा की अर्चना सिंह को हराया। इससे पहले पूर्व मंत्री महादेव सिंह खंडेला की पत्नी पार्वती देवी खंडेला पंचायत समिति की प्रधान रह चुकी है। वहीं इनके बेटे गिर्राज सिंह भी इसी पंचायत समिति के प्रधान रह चुके है। उनकी जीत के साथ ही खंडेला क्षेत्र में महादेव सिंह खंडेला परिवार की राजनीतिक पकड़ एक बार फिर मजबूत नजर आई है। खंडेला की राजनीति में महादेव सिंह खंडेला का नाम लंबे समय से प्रभावशाली रहा है।
पंचायत समिति सूरजगढ़ में कांग्रेस ने प्रधान पद पर कब्जा बरकरार रखा है। विधायक श्रवण कुमार की बेटी और वार्ड संख्या 2 से निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य सविता सिंह को प्रधान चुना गया है। शुक्रवार को हुए चुनाव में सविता सिंह ने भाजपा प्रत्याशी सुमित कुमार को 8 मतों से हराकर पंचायत समिति की कमान संभाली। प्रधान पद के लिए कांग्रेस की ओर से सविता सिंह ने नामांकन दाखिल किया, जबकि भाजपा ने सुमित कुमार को मैदान में उतारा। मतदान के बाद घोषित परिणाम में सविता सिंह को 11 वोट मिले, जबकि सुमित कुमार के पक्ष में 3 सदस्यों ने मतदान किया। एक मत निरस्त घोषित किया गया। निर्धारित चुनाव चिह्न अंकित नहीं होने के कारण मतपत्र को अमान्य करार दिया गया।
सविता सिंह ने पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में भी अपनी मजबूत राजनीतिक स्थिति दिखाई थी। वार्ड संख्या 2 से चुनाव लड़ते हुए उन्होंने कुल 15 निर्वाचित सदस्यों में सबसे अधिक मतों से जीत दर्ज की थी। अब प्रधान पद पर जीत के साथ ही उन्होंने पंचायत समिति की कमान संभाल ली है।
प्रधान पद का चुनाव संपन्न होने के बाद अब पंचायत समिति में उप प्रधान पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसके लिए शनिवार को मतदान और निर्वाचन प्रक्रिया होगी।