
Rajasthan Monsoon : मौसम विभाग की नई भविष्यवाणी के अनुसार राजस्थान में अभी 4 दिन झमाझम बारिश होने की संभावना है। 14-15 अगस्त से मौसम का मिजाज बदल जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार 9 अगस्त को भी राज्य के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 10 से 12 अगस्त को दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने व कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों को छोड़कर कुछ भागों में आगामी 3-4 दिन हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अपडेट किया कि पश्चिमी राजस्थान में 14 अगस्त से व पूर्वी राजस्थान में 15 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी होने की प्रबल संभावना है। मौसम विभाग ने बताया है कि आज 8 अगस्त को एक परिसंचरण तंत्र उत्तर-पूर्वी राजस्थान व एक और पूर्वी भारत के ऊपर अवस्थित है। आज 8 अगस्त को जयपुर, भरतपुर कोटा, अजमेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि एक नया परिसंचरण तंत्र उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी व आस-पास के पूर्वी भारत के ऊपर बना हुआ है। इसके आगामी 24 घंटों में तीव्र होकर कम दबाव का क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है। मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, दिल्ली से होकर गुजर रही है। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह मानसून सक्रिय रहने व बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती है। 8 से 10 अगस्त को भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। इस दौरान पूर्वी भागों के एक दो स्थानों पर अतिभारी बारिश होने की भी संभावना है।
जयपुर मौसम केंद्र से शाम 4.15 बजे पर जारी एक अपडेट के अनुसार जयपुर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जिसके तहत तीन घंटे के अंदर बारिश होने की संभावना जताई गई है। वैसे सुबह से ही आकाश पर बादल मंडरा रहे हैं। हवा का दौर कभी चलता है कभी बंद हो जाता है। आज शाम 5 बजे जयपुर का तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आज शनिवार को जयपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।