जयपुर

Monsoon: राजस्थान में नक्शे पर छाया मानसून, लेकिन बूंदों का इंतजार; अब कब बरसेंगे बदरा?

Rajasthan Monsoon: राजस्थान में पिछले सप्ताह सामान्य से 72 फीसदी अधिक बारिश हुई, लेकिन 10 जुलाई से दो सप्ताह तक मानसून कमजोर रहने और कम वर्षा के आसार हैं। धौलपुर-अजमेर में मकान ढहने से 12 लोग घायल हुए, जबकि दिल्ली, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और केरल में बारिश से बाढ़, भूस्खलन और जनजीवन प्रभावित हुआ।
2 min read
Jul 10, 2026
Rajasthan Monsoon
आज 10 जुलाई से अगले 2 सप्ताह तक मानसून कमजार रहने की संभावना (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Rajasthan Monsoon Update: जयपुर: दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को एक दिन की देरी से पूरे देश को कवर कर लिया। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे देश में मानसून पहुंचने की सामान्य तारीख आठ जुलाई है। लेकिन इस बार 9 जुलाई को राजस्थान में बीकानेर और जोधपुर जिले को कवर करने के साथ ही मानसून पूरे देश में फैल गया। राज्य में पिछले हफ्ते (3 से 9 जुलाई) में दीर्घावधि औसत की तुलना में 72 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई। लेकिन मानसून से अभी अच्छी बारिश का इंतजार बढ़ा दिया है।

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 10 जुलाई से अगले दो सप्ताह तक मानसून कमजोर रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। पहले और दूसरे सप्ताह में अधिकांश स्थानों पर सामान्य से कम वर्षा होने का अनुमान है। प्रदेश में पिछले सप्ताह मानसून सक्रिय रहा। इस दौरान कई स्थानों पर मेघगर्जन, धूलभरी आंधी और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की गई।

अगले चार दिन यहां भारी बारिश

10 से 12 जुलाई तक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख आदि क्षेत्रों तथा 10 से 15 जुलाई तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसी तरह हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

धौलपुर-अजमेर में बारिश से तीन मकान ढहे, 12 घायल

प्रदेश में लगातार बारिश के बीच धौलपुर और अजमेर जिले में तीन मकान ढहने से 12 लोग घायल हो गए। धौलपुर के मनियां क्षेत्र के कैलाशपुरा गांव में बुधवार देर रात रूप सिंह बघेल का पक्का मकान ढह गया। हादसे के समय परिवार के सातों सदस्य मलबे में दब गए।

ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। इनमें रूप सिंह बघेल और शीतल की गंभीर हालत होने पर रेफर किया गया। वहीं, कंचनपुर थाना क्षेत्र के बिलोनी गांव में कच्ची दीवार गिरने से बलदेई और उसकी पुत्री अंजलि घायल हो गईं। बलदेई को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया।

यहां बिगड़े हालात

दिल्ली-एनसीआरः बीती रात से लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में पानी भर गया। एनएच-24 समेत प्रमुख सड़कों पर लंबा जाम लग गया। पेड़ गिरने से यातायात भी प्रभावित रहा।

उत्तराखंडः उत्तरकाशी में यमुनोत्री हाईवे पर भूस्खलन होने से करीब 1000 यात्री फंस गए। टिहरी में एक मकान गिर गया।

महाराष्ट्रः ठाणे में तीन लोगों की मौत हो गई। 797 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। रायगढ़ में बाढ़ के कारण 3000 एलपीजी सिलेंडर नदी में बह गए।

केरल: वायनाड में भूस्खलन से अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो लोग अब भी लापता हैं। कोझिकोड रेलवे स्टेशन पर पुरानी इमारत का एक हिस्सा गिर गया।

Updated on:
10 Jul 2026 04:18 pm
Published on:
10 Jul 2026 03:31 pm