जयपुर

पश्चिमी राजस्थान से लौटा मानसून… पूरब से भी विदाई जल्द

पश्चिमी जिलों में दिन में पारा सामान्य से ज्यादा रहने पर मौसम शुष्क रहा। पूर्वी भागों में दो दिन बाद बारिश के आसार
2 min read
Sep 24, 2024
Know how UP weather will be in UP on 15th August
UP Weather Today

जयपुर। पिछले डेढ़ महीने तक प्रदेश में जमकर मेहरबान रहा मानसून अब प्रदेश से विदाई लेने लगा है। पश्चिमी इलाकों से दक्षिण पश्चिमी मानसून विदा हो गया है और अगले चार पांच दिन में पूर्वी जिलों से भी मानसून की विदाई लगभग तय हो चुकी है। हालांकि प्रदेश के पूर्वी इलाकों में अगले दो दिन बार कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।

पिछले 24 घंटे में पश्चिमी इलाकों में मानसून लौटते ही पारे में भी उछाल दर्ज हुआ। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बीकानेर में 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पश्चिमी मैदानी इलाकों में दिन में पारा सामान्य से छह डिग्री तक अधिक रहने से लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का अहसास होने लगा है। पूर्वी राजस्थान में धौलपुर 38.8 और सिरोही 36.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ में 74 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले के सल्लोपाट, दानपुर और आस पास के इलाकों में भी छिटपुट बारिश हुई।

राजधानी जयपुर में पिछले 24 घंटे में मौसम शुष्क रहा और गर्मी व उमस से लोग बेहाल रहे। शहर में दिन और रात में पारा फिलहाल सामान्य रहा है लेकिन हवा में बढ़ रही आर्द्रता के चलते मौसम का मिजाज गर्म बना रहा। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में शहर में छितराए बादल छाए रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के पश्चिमी भागों के बाद पूर्वी जिलों से भी दक्षिण पश्चिमी मानसून जल्द विदा होने के संकेत दिए हैं। पूर्वी जिलों में अगले दो दिन बाद कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं माह के अंत तक पूरे प्रदेश से मानसून लौटने की औपचारिक घोषणा होगी ।

Updated on:
24 Sept 2024 10:23 am
Published on:
24 Sept 2024 10:23 am