
जयपुर. 'एक कागज पर मुहर नहीं लगेगी, तो क्या तारा पाकिस्तान नहीं जाएगा…' फिल्म गदर का यह संवाद शुक्रवार को जयपुर के सिख श्रद्धालुओं की निराशा बयां करता नजर आया। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व (24 नवंबर) पर उनके जन्मस्थान पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब गुरुद्वारे के दर्शन की तैयारी कर रहे शहर के श्रद्धालुओं के वीजा मंजूर नहीं हुए। इससे कई लोगों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी।
गुरुदर्शन यात्रा कमेटी के संयोजक जगजीत सिंह सूरी ने बताया कि जयपुर के श्रद्धालुओं के साथ ऐसा पहली बार हुआ है। पूरे भारत से पाकिस्तान जाने वाले 3,500 श्रद्धालुओं के कोटे में से 3,000 वीजा जारी किए गए हैं। इसमें राजस्थान के लिए 50 श्रद्धालुओं का कोटा निर्धारित था। हैरानी की बात यह है कि कोटा सहित प्रदेश के अन्य जिलों के 41 श्रद्धालुओं के वीजा स्वीकृत हो गए और वे यात्रा के लिए रवाना भी हो गए, लेकिन केवल जयपुर के ही 9 आवेदकों को वीजा नहीं मिल सका।
गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर भारत से पाकिस्तान जाने के लिए कुल 3,500 श्रद्धालुओं का कोटा तय है, जिसमें से इस बार 3,000 लोगों को ही वीजा मिला है। राजस्थान के हिस्से आए 50 लोगों के कोटे में जयपुर को छोड़कर बाकी सभी शहरों के श्रद्धालुओं को मंजूरी मिल गई है।
तय रूट मैप के मुताबिक, सभी श्रद्धालु 22 नवंबर को वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान पहुंचेंगे। इसके बाद 24 नवंबर को ननकाना साहिब गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व के मुख्य समारोह में शामिल होंगे। फिर पंजा साहिब, करतारपुर साहिब और लाहौर के ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कर भारत लौटेंगे।
जयपुर के श्रद्धालुओं को यात्रा की अनुमति दिलाने के लिए सिख संगठनों ने प्रशासनिक स्तर पर गुहार लगाई है। जगजीत सिंह सूरी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय और राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास को पत्र लिखकर इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। वहीं, राजस्थान सिख समाज के अध्यक्ष अजयपाल सिंह ने भी मुख्य सचिव को पत्र भेजकर जयपुर के श्रद्धालुओं की वीजा और यात्रा संबंधी प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कराने का आग्रह किया है, ताकि वे प्रकाश पर्व के मुख्य समारोह में शामिल हो सकें।