
जयपुर में NEET-PG 2026 परीक्षा के दौरान सामने आई अव्यवस्था के बाद अभ्यर्थियों में आक्रोश देखने को मिला। मीडिया से बातचीत करते हुए एक अभ्यर्थी ने आपबीती बताते हुए पूरे देश में पेपर दोबोरा से करवाने की मांग की है। दरअसल, तकनीकी खराबी आने के बाद जयपुर के दो सेंटरों पर दोबारा पेपर करवाने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय को लेकर छात्रों में गुस्सा दिखाई दिया।
अभ्यर्थी विष्णु शर्मा ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से पहले से ही कंप्यूटर सिस्टम बार-बार बंद हो रहा था। उनके मुताबिक, सिस्टम करीब दो मिनट चलता और फिर क्रैश हो जाता। उन्होंने दावा किया कि ऐसा कम से कम 20 बार हुआ।
विष्णु शर्मा ने कहा कि अभ्यर्थियों ने काफी देर तक सहयोग करने की कोशिश की। उन्हें उम्मीद थी कि शायद कुछ देर बाद सिस्टम ठीक हो जाएगा और परीक्षा सामान्य तरीके से शुरू हो सकेगी। लेकिन बार-बार वही समस्या सामने आती रही। इस दौरान छात्र आपस में ही पूरी स्थिति को लेकर चर्चा करते रहे। उन्होंने कहा कि माहौल ऐसा बन गया था जैसे कोई सातवीं या आठवीं कक्षा की परीक्षा हो और छात्र आपस में बातें कर रहे हों।
अभ्यर्थी ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब इतनी बड़ी परीक्षा के लिए छात्रों से इतनी फीस ली जाती है तो उन्हें बेहतर सुविधाएं क्यों नहीं दी जा सकतीं। उन्होंने कहा कि वे डॉक्टर हैं और दूसरों को बेहतर इलाज और सुविधाएं देने की उम्मीद उनसे की जाती है। ऐसे में जब वे खुद परीक्षा देने पहुंचते हैं और इस तरह की स्थिति का सामना करते हैं तो किसी की जिम्मेदारी तय नहीं होती। उनका कहना था कि कोई भी इस परेशानी की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है।
विष्णु शर्मा ने कहा कि उनकी मांग सिर्फ उनके परीक्षा केंद्र तक सीमित नहीं है। उनके मुताबिक, अगर परीक्षा व्यवस्था में इस तरह की समस्या सामने आई है तो केवल इसी सेंटर पर दोबारा परीक्षा कराने से बात पूरी नहीं होगी। उन्होंने साफ तौर पर मांग रखी कि NEET-PG परीक्षा को पूरे देश में रद्द करके दोबारा आयोजित किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि ऐसा भी हो सकता है कि दोबारा एग्जाम सिर्फ प्रभावित बच्चों का होगा तो हो सकता है पेपर ज्यादा मुश्किल बना दिया जाए तो यह उनके साथ गलत होगा।
जयपुर के सीतापुरा स्थित iON Digital Zone के दो परीक्षा केंद्रों पर NEET-PG 2026 के दौरान आंतरिक तकनीकी समस्या के चलते सर्वर डाउन हो गया। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन सिस्टम बार-बार बंद होने से अभ्यर्थी परीक्षा पूरी नहीं कर सके।
वहीं, NBEMS ने प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 3 बजे जयपुर में दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, री-एग्जाम का सेंटर और इससे जुड़ी बाकी जानकारी बोर्ड की ओर से अलग से जारी की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा इन दोनों केंद्रों पर तकनीकी समस्या के कारण पूरी नहीं हो सकी थी, उन्हें संशोधित एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।