जयपुर

राजस्थान में बसों में सीट बेल्ट अनिवार्य, नितिन गडकरी के बड़े फैसले से एक्सप्रेसवे हादसों पर अंकुश लगेगा?

Bus Seat Belt Rule Rajasthan: केंद्र सरकार बस यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम उठाने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि लंबी दूरी की बसों, लग्जरी कोच और वोल्वो जैसी बसों में सीट बेल्ट लगाना अब अनिवार्य होगा। एक्सप्रेसवे पर चलने वाली लंबी दूरी की बसों पर यह नियम सबसे पहले लागू होगा।
2 min read
May 12, 2026
Nitin Gadkari Seat Belts Mandatory
बसों में सीट बेल्ट अनिवार्य (पत्रिका क्रिएटिव फोटो)

जयपुर: केंद्र सरकार ने बस यात्रियों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण फैसला लिया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि लंबी दूरी की बसों, लग्जरी कोच और वोल्वो जैसी बसों में सीट बेल्ट लगाना अब अनिवार्य होगा।

यह नियम पूरे देश के साथ-साथ राजस्थान में भी सख्ती से लागू किया जाएगा। राजस्थान में हाल के दिनों में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए बस हादसों ने इस नियम की जरूरत को उजागर किया है।

अप्रैल में हुआ था हादसा

अप्रैल 2026 में अलवर जिले के पास दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक तेज रफ्तार बस के ट्रक से टकराने की भीषण दुर्घटना में बस ड्राइवर समेत तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल हुए थे। हादसे में कई यात्रियों को सीट से उछलकर गंभीर चोटें आई थीं। ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें सीट बेल्ट की कमी को मुख्य वजह माना गया।

इन राज्यों में सबसे पहले लागू होगा नियम

नितिन गडकरी ने कहा कि बस में यात्रा करने वाले हर यात्री को सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य होगा। विशेष रूप से राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में एक्सप्रेसवे पर चलने वाली लंबी दूरी की बसों पर यह नियम सबसे पहले लागू होगा।

परिवहन विभाग बस ऑपरेटर्स को सीट बेल्ट फिटिंग के निर्देश जारी करेगा। नियम का उल्लंघन करने पर बस मालिक और ड्राइवर दोनों पर जुर्माना लग सकता है।

क्यों जरूरी है यह नियम?

राजस्थान में जयपुर-उदयपुर, जयपुर-जोधपुर, दिल्ली-जयपुर और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर प्रतिदिन सैकड़ों बसें चलती हैं। बढ़ती बस स्पीड, लंबी दूरी और थके हुए ड्राइवरों के कारण हादसों की संख्या बढ़ रही है।

ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि सीट बेल्ट लगाने से दुर्घटना के समय यात्रियों को सीट पर बांधे रखा जा सकता है, जिससे जान बचाने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

ये सुधार भी किए जाएंगे

सीट बेल्ट नियम के साथ ही केंद्र सरकार बैरियर-फ्री टोल सिस्टम (MLFF) को भी तेजी से लागू करने जा रही है। इससे राजस्थान के टोल प्लाजा पर लगने वाले लंबे जाम में काफी कमी आएगी और एक्सप्रेसवे पर यातायात सुगम होगा।

राजस्थान परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही सभी बस ऑपरेटर्स को नई गाइडलाइंस जारी की जाएंगी। जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर और अजमेर डिपो से चलने वाली लग्जरी बसों में सबसे पहले सीट बेल्ट फिट किए जाएंगे।
बताते चलें कि यह कदम राजस्थान में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और पर्यटकों तथा स्थानीय यात्रियों को सुरक्षित यात्रा मुहैया कराने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Updated on:
12 May 2026 02:42 pm
Published on:
12 May 2026 02:41 pm