
जयपुर। त्योहारों के सीजन में भीड़ की आड़ लेकर बिना टिकट सफर करने वाले यात्रियों पर उत्तर पश्चिम रेलवे (जयपुर मंडल) ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। स्लीपर और एसी कोच में अवैध रूप से यात्रा करने वालों तथा जनरल टिकट पर आरक्षित कोच में कब्जा करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है। वाणिज्य विभाग की 10 विशेष टीमें रेलवे स्टेशनों से लेकर चलती ट्रेनों तक में लगातार चेकिंग कर रही हैं।
रेलवे आंकड़ों के मुताबिक, 1 से 6 नवंबर के दौरान चलाए गए इस विशेष अभियान में 8,461 मामलों से 69,06,604 रुपए का जुर्माना वसूला गया। वहीं, पिछले वर्ष दिवाली सीजन (14 से 19 अक्टूबर) के दौरान 11,285 मामलों में 60,75,705 रुपए वसूले गए थे। इस बार पिछले अभियान की तुलना में मामलों की संख्या में कमी आई है, लेकिन कुल जुर्माने की राशि करीब 8.31 लाख रुपए अधिक रही।अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की भीड़ को बिना टिकट यात्रा का बहाना नहीं बनाया जा सकता। असुविधा और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उचित टिकट लें, क्योंकि यह विशेष चेकिंग अभियान 20 नवंबर तक जारी रहेगा।
कन्फर्म टिकट लेकर सफर करने वाले यात्रियों को स्लीपर और थर्ड एसी कोच में अनधिकृत यात्रियों के कारण परेशानी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसे ध्यान में रखते हुए रेलवे ने स्लीपर और एसी कोचों में जनरल टिकट या बिना टिकट सफर करने वालों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। दोषी पाए जाने वाले यात्रियों से मौके पर ही नियम अनुसार पैनल्टी वसूली जा रही है।
अभियान और सख्ती लगातार जारी है। यात्रियों को वैध टिकट लेकर सफर करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। हमारी प्राथमिकता यह
सुनिश्चित करना है कि कोई भी बिना टिकट यात्री आरक्षित (रिजर्व) कोचों में प्रवेश न करे।
-जगदीश कुमार, मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जयपुर मंडल
इधर, त्योहारों के दौरान बढ़े यात्रीभार के बीच उत्तर पश्चिम रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए है। रेलवे 129 स्पेशल ट्रेनों के 961 ट्रिप संचालित कर रहा है। वहीं, 50 ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 140 अतिरिक्त डिब्बे जोड़े गए हैं। रेलवे का दावा है कि पूर्व तैयारियों, बेहतर प्रबंधन और सतत निगरानी से यात्रियों का सफर आसान और सुगम हुआ है।