जयपुर

NSO सर्वे: नियमित नौकरी और स्वरोजगार दोनों में जयपुर की बेहतर औसत आय, कमाई में पटना-लखनऊ-अहमदाबाद से आगे

NSO Survey Jaipur: NSO के 46 शहरों में हुए सर्वे में जयपुर नियमित नौकरी और स्वरोजगार, दोनों में औसत मासिक आय के मामले में पटना, लखनऊ, अहमदाबाद, रायपुर और श्रीनगर से आगे रहा। नियमित कर्मचारियों की औसत आय 31,332 रुपए और स्वरोजगार की 30,590 रुपए रही। हालांकि, शहर की बेरोजगारी दर 12.8% दर्ज हुई, जो चिंता का विषय है।
2 min read
Jul 06, 2026
NSO Survey 2026
NSO Survey Jaipur (Patrika Network Photo)

NSO Survey 2026: राजधानी जयपुर के मेहनतकश लोगों की तस्वीर राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होकर उभरी है। केंद्रीय सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) की ओर से जून में देश के 46 शहरों के 60 हजार से अधिक लोगों पर किए गए सर्वे में जयपुर औसत मासिक कमाई के मामले में कई राज्यों की राजधानियों और बड़े शहरों से आगे रहा है।

सर्वे के अनुसार नियमित नौकरी और स्वरोजगार, दोनों श्रेणियों में जयपुर ने पटना, रायपुर, श्रीनगर, लखनऊ और अहमदाबाद जैसे शहरों को पीछे छोड़ा है। जयपुर में नियमित कर्मचारियों की औसत मासिक आय 31,332 रुपए दर्ज की गई, जो चेन्नई (28,955 रुपए), अहमदाबाद (23,269 रुपए) और कोलकाता (19,093 रुपए) से अधिक है।

वहीं, स्वरोजगार करने वालों की औसत आय 30,590 रुपए रही, जो अधिकांश प्रमुख शहरों से बेहतर है। केवल ग्रेटर हैदराबाद और चेन्नई ही इस श्रेणी में जयपुर के करीब रहे। कामकाज के घंटों के मामले में भी जयपुर आगे है। यहां पुरुष औसतन 52.5 घंटे और महिलाएं 42.4 घंटे प्रति सप्ताह काम करती हैं।

यह आंकड़े भोपाल, पटना, रायपुर, श्रीनगर, रांची, चेन्नई और कोलकाता जैसे शहरों से अधिक हैं। महिलाओं की औसत मासिक आय 28,453 रुपए दर्ज की गई, जो भोपाल और बेंगलूरु से अधिक है, जबकि जोधपुर और श्रीनगर की महिलाओं की आय इससे ज्यादा रही।

हालांकि, सर्वे का दूसरा पक्ष चिंता बढ़ाने वाला है। जयपुर में बेरोजगारी दर 12.8 प्रतिशत दर्ज की गई, जो सर्वे में शामिल प्रमुख शहरों में अपेक्षाकृत अधिक है। कोटा में यह 11.2 प्रतिशत और जोधपुर में 10.8 प्रतिशत रही। यानी बेहतर कमाई और अधिक कार्यघंटों के बावजूद रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना अभी भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।

इन शहरों से आगे रहा जयपुर

  • नियमित नौकरी की आय में चेन्नई, अहमदाबाद, पटना, रायपुर, श्रीनगर और लखनऊ से आगे।
  • स्वरोजगार की आय में पटना, रायपुर, श्रीनगर, लखनऊ, अहमदाबाद और कोलकाता से आगे।
  • साप्ताहिक कार्यघंटों में भोपाल, पटना, रायपुर, श्रीनगर, रांची, चेन्नई और कोलकाता से आगे।

जयपुर की स्थिति

  • नियमित कर्मचारियों की औसत मासिक आय: 31,332 रुपए
  • स्वरोजगार की औसत मासिक आय: 30,590 रुपए
  • पुरुषों का औसत कार्य समय: 52.5 घंटे प्रति सप्ताह
  • महिलाओं का औसत कार्य समय: 42.4 घंटे प्रति सप्ताह
  • महिलाओं की औसत मासिक आय: 28,453 रुपए
  • बेरोजगारी दर: 12.8 प्रतिशत

कामकाज के घंटे

शहरपुरुषमहिला
भोपाल48.937.7
पटना51.042.3
रायपुर51.340.2
श्रीनगर50.628.0
रांची49.838.7
चेन्नई47.141.8
कोलकाता48.739.9

मासिक कमाई (औसत)

शहरस्वरोजगार (₹)नियमित कर्मचारी (₹)
जयपुर30,59031,332
पटना22,83228,443
रायपुर26,95817,255
श्रीनगर24,33028,787
चेन्नई30,53628,955
लखनऊ27,67228,347
कोलकाता17,98919,093
Updated on:
06 Jul 2026 08:35 pm
Published on:
06 Jul 2026 08:35 pm