
मृतक व्यक्ति (पत्रिका फोटो)
Jalore Train Suicide: जालोर और जागनाथ रेलवे स्टेशन के बीच सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। हैदराबाद से अपने गांव लौट रहे एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक का सिर धड़ से अलग होकर पटरी पर जा गिरा। इस हृदयविदारक घटना के कारण भगत की कोठी-चेन्नई एक्सप्रेस ट्रेन को करीब 40 से 50 मिनट तक मौके पर ही रोके रखना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे गाड़ी संख्या 20626 भगत की कोठी-चेन्नई एक्सप्रेस जालोर रेलवे स्टेशन से रवाना होकर बागरा की तरफ बढ़ रही थी। जागनाथ रेलवे स्टेशन यार्ड को पार करते ही ट्रैक के पास एक युवक खड़ा दिखाई दिया। जैसे ही ट्रेन बिल्कुल नजदीक आई, युवक ने अपना बैग एक तरफ रखा और सीधे पटरियों पर लेट गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जालोर जीआरपी चौकी और कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से मृतक का मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए। हेड कांस्टेबल हरीराम मीणा और जीआरपी के गजे सिंह ने बताया कि दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान जालोर जिले के सेवड़ी गांव निवासी कृष्णराम (40) पुत्र पीराराम देवासी (रेबारी) के रूप में हुई है। वह हैदराबाद में हार्डवेयर का काम करता था और हाल ही में वहां से अपने गांव के लिए रवाना हुआ था।
मृतक के बड़े भाई वचनाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि कृष्णराम ने हैदराबाद से गांव आने की बात कही थी, लेकिन उसने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पटरियों से हटाकर कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने भाई की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच कर रही है। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
Updated on:
06 Jul 2026 08:06 pm
Published on:
06 Jul 2026 08:06 pm
