जयपुर

Jaipur Accident: डिवाइडर लांघकर बस से भिड़ी तेज रफ्तार कार, धमाके से यात्रियों में मची अफरा-तफरी, एक की मौत

जयपुर-आगरा हाईवे पर झर गांव के पास कार और बस की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और अफरा-तफरी मच गई।
less than 1 minute read
Feb 28, 2026
Car and bus accident, car and bus accident in Bassi, car and bus accident in Jaipur, car and bus accident in Rajasthan, road accident, road accident news
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार। फोटो- पत्रिका

बस्सी। जयपुर-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर झर गांव के समीप शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टोडाभीम से जयपुर की ओर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर कूद गई और सामने से नादोती की ओर जा रही तेज रफ्तार बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

कार सवार फंसे, अस्पताल में भर्ती

जानकारी के अनुसार नांगललाट निवासी तीन युवक कार से जयपुर जा रहे थे। झर बावड़ी के समीप संतुलन बिगड़ते ही कार डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंच गई। टक्कर के बाद लवकुश और दिलखुश कार में फंस गए, जिन्हें निकालकर जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।

बस यात्रियों में मचा हड़कंप

बस जयपुर से दौसा वाया महुवा होकर नादोती जा रही थी। अचानक जोरदार धमाके के साथ हुई भिड़ंत से बस में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि चालक ने किसी तरह बस को नियंत्रित किया। बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन बड़ी जनहानि टल गई।

हाईवे पर एक घंटे जाम

हादसे के बाद जयपुर-दौसा लेन पर लंबा जाम लग गया। झर से राजाधोक तक वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर बस्सी थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा मय जाप्ता मौके पर पहुंचे। क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और करीब एक घंटे बाद यातायात सुचारू किया गया। पुलिस ने बस यात्रियों को अन्य बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया।

Updated on:
28 Feb 2026 09:21 pm
Published on:
28 Feb 2026 09:21 pm