patrika campaign on single use plastic : सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलीथिन पर पाबंदी को लेकर हैरिटेज नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है। निगम प्रशासन हैरिटेज निगम क्षेत्र की सभी सब्जी मंडियों में 22 हजार कपड़े के बैग बांटेगा।
जयपुर। सिंगल यूज प्लास्टिक व पॉलीथिन पर पाबंदी को लेकर हैरिटेज नगर निगम ने पहल शुरू कर दी है। निगम प्रशासन हैरिटेज निगम क्षेत्र की सभी सब्जी मंडियों में 22 हजार कपड़े के बैग बांटेगा। वहीं सभी पार्षद घर—घर लोगों को पकड़े के थैले वितरित करेंगे। इसके साथ विधायक भी पॉलीथिन पर पाबंदी को लेकर आगे आए है। विधायक अमीन कागजी ने किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में पॉलीथिन पर रोक को लेकर 37 हजार परिवारों के लिए कपड़े के थैले वितरण करवाने के लिए विधायक कोष से राशि देने की घोषणा की है।
राजधानी में खुलेआम सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन के उपयोग की सच्चाई को पत्रिका ने अभियान चलाकार उजागर किया, इसके बाद हैरिटेज नगर निगम प्रशासन की नींद खुली। अब निगम प्रशासन ने हैरिटेज निगम क्षेत्र को सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन मुक्त बनाने को लेकर पलह शुरू कर दी है। इसे लेकर हैरिटेज नगर निगम में कैनवास बैग का औपचारिक रूप से विमोचन किया गया। इस मौके पर गुलाबी नगरी जयपुर को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा बड़ी पहल शुरू की गई। महापौर मुनेश गुर्जर के नेतृत्व में हैरिटेज निगम क्षेत्र के प्रत्येक परिवार में कपड़े का एक बड़ा थैला उपलब्ध करवाने की मुहिम शुरू की गई। महापौर मुनेश गुर्जर ने बताया कि हैरिटेज निगम क्षेत्र के चारों जोनों में हर घर एक कपड़े का बड़ा थैला उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे लोग पॉलीथिन का उपयोग नहीं कर सकेंगे। हालांकि उन्होंने लोगों को पॉलीथिन का बहिष्कार करने और उपयोग नहीं करने की शपथ लेने का आह्वान किया।
सब्जी मंडियों में बांटेंगे थैले
जयपुर में सभी बड़ी सब्जी मंडियों में पॉलीथिन का उपयोग खुलेआम हो रहा है। इसे लेकर हैरिटेज नगर निगम के किशनपोल जोन, हवामहल—आमेर जोन, आदर्श नगर जोन व सिविल लाइंस जोन क्षेत्र की सभी सब्जी मंडियों में 22 हजार कपड़े के थैले बांटें जाएंगे। महापौर मुनेश गुर्जर ने बताया कि सब्जी मंडियों में पॉलीथिन पर रोक को लेकर 22 हजार कपड़े के बैठ बांटे जाएंगे।
पार्षद अपने-अपने वार्ड में बांटे थैले— रफीक
राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष रफीक खान ने कैनवास बैग वितरण को पाॅलीथीन के विकल्प की एक अच्छी पहल बताते हुए सब लोगों से कपड़े के बैग का उपयोग करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड में लोगों को कपड़े का बैग बांटे। विधायक रफीक खान ने पॉलीथिन पर पाबंदी लगाने और कपड़े के बैग बांटने के लिए 10 लाख रुपए विधायक कोष से देने की घोषणा की।
विधायक कागजी 37 हजार परिवारों को उपलब्ध कराएंगे थैले
किशनपोल विधानसभा क्षेत्र से विधायक अमीन कागजी अपने विधानसभा क्षेत्र के 37 हजार परिवारों के लिए कपड़े के थैले उपलब्ध करवाएंगे। इसके लिए विधायक कोष से राशि देने की घोषणा की।
मंत्री खाचरियावास बोले, पार्षदों की भागीदारी सुनिश्चित हो
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि पाॅलीथिन रोक के लिए चालान काटने की बजाय व्यापार मण्डलों के सहयोग से शहर में कपड़े के थैले वितरण करवाए जाए। इसमें पार्षदों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि धन की कमी से कोई कार्य रूकने नहीं दिया जाएगा।