
PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन कार्यक्रम को राज्यव्यापी आयोजन बनाने की तैयारी है। पचपदरा में भले ही बड़ी सभा नहीं होगी, लेकिन हर जिले के लोगों को इससे जोड़ा जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ग्राम पंचायतों, नगरपालिकाओं और जिला मुख्यालयों पर दिखाने के लिए व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
इस तरह राज्य के लाखों लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स की शुरुआत होना गर्व का क्षण है। बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रेजेंटेशन दिया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित उच्चाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, बालोतरा से एचआरआरएल के अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े।
पीएम नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को राजस्थान आने वाले हैं। पीएम मोदी का मिनट-टू-मिनट प्लान अभी सामने नहीं आया है। इस राजस्थान यात्रा के दौरान पीएम मोदी राजस्थान को 4 बड़ी सौगातें दे सकते हैं। सबसे बड़ी सौगात- पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन होगा। पचपदरा रिफाइनरी पर अब तक करीब 79 हजार 459 करोड़ रुपए की लागत आई है। पहले इस रिफाइनरी का उद्घाटन 21 अप्रैल को तय था। पर 20 अप्रैल रिफाइनरी में अचानक आग लग जाने की वजह से पीएम मोदी का दौरा टाल गया। अब 4 जुलाई को पीएम मोदी राजस्थान सहित देश को यह बड़ा तोहफा देंगे।
दूसरा तोहफा - यमुना जल समझौते को लेकर राजस्थान और हरियाणा के बीच MoU के ऐलान से जुड़ी होगी।
तीसरा तोहफा - जयपुर मेट्रो के फेज-2 प्रोजेक्ट से जुड़ी होगी, जिसका पीएम मोदी वर्चुअली शिलान्यास करेंगे।
चौथा तोहफा - जोधपुर एयरपोर्ट के नए बने टर्मिनल को नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) की टीम ने जांच के बाद हरी झंडी दे दी है। शुक्रवार को एयरपोर्ट ऑथरिटी ऑफ इंडिया (ऑपरेशनल) के कार्यकारी निदेशक एसएस राजू जोधपुर पहुंचे। उन्होंने एयरपोर्ट की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एयरपोर्ट का उद्घाटन 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों से होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन के लिए चार जुलाई को विशेष विमान से पहले जोधपुर एयरपोर्ट ही उतरेंगे।