Kalibai Battalion: आरएसी कांस्टेबल भर्ती में 536 अभ्यर्थी चयनित, 31 दिसंबर से जयपुर में होगा दस्तावेज सत्यापन।
कालीबाई बटालियन आरएसी अलवर भर्ती: चयनित अभ्यर्थियों के लिए मेडिकल व दस्तावेज जांच का शेड्यूल जारी
Constable Recruitment: जयपुर. कालीबाई बटालियन आरएसी अलवर के लिए आयोजित कांस्टेबल भर्ती परीक्षा–2025 के अगले चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। कार्यालय कमांडेंट, पांचवीं बटालियन आरएसी जयपुर द्वारा लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं शारीरिक माप-तौल में सफल रहे 536 अभ्यर्थियों की चयन सूची जारी कर दी गई है। इस भर्ती के माध्यम से कांस्टेबल सामान्य, कांस्टेबल चालक और कांस्टेबल बैंड के रिक्त पदों को भरा जाएगा।
कमांडेंट चुनाराम जाट ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन, चरित्र सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण का आयोजन कार्यालय कमांडेंट, पांचवीं बटालियन आरएसी जयपुर में किया जाएगा। यह प्रक्रिया प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से प्रारंभ होगी। अभ्यर्थियों को उनके क्रमांक के अनुसार निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होना अनिवार्य है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 31 दिसंबर 2025 को क्रमांक 1 से 200 तक के कांस्टेबल सामान्य अभ्यर्थियों का सत्यापन होगा। 01 जनवरी 2026 को क्रमांक 201 से 400 तक के कांस्टेबल सामान्य अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। वहीं 02 जनवरी 2026 को क्रमांक 401 से 499 तक के कांस्टेबल सामान्य, कांस्टेबल चालक (क्रमांक 1 से 26) तथा कांस्टेबल बैंड (क्रमांक 1 से 11) के अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को अपने साथ सभी मूल दस्तावेज एवं उनकी स्वयं द्वारा प्रमाणित एक-एक छायाप्रति लाना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेजों में शैक्षणिक योग्यता प्रमाण-पत्र, आयु प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, मूल निवास प्रमाण-पत्र, चरित्र प्रमाण-पत्र, विवाह पंजीयन प्रमाण-पत्र, दहेज नहीं लेने संबंधी घोषणा पत्र, संतान संबंधी शपथ पत्र तथा 10 पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं।
कमांडेंट ने स्पष्ट किया कि दस्तावेज सत्यापन और स्वास्थ्य परीक्षण की प्रक्रिया में 2 से 3 दिन का समय लग सकता है, इसलिए अभ्यर्थी पूरी तैयारी के साथ उपस्थित हों। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए अनिच्छुक माना जाएगा और उनका नाम चयन सूची से हटाया जा सकता है। विस्तृत चयन सूची राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।