जयपुर

जयपुर में प्रिंस की मौत पर बवाल: CCTV फुटेज में दिखी स्कूल प्रशासन की चूक! स्कूल के बाहर आक्रोशित लोगों ने किया प्रदर्शन

Prince Soni death: जयपुर के झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल में छात्र प्रिंस सोनी की मौत के बाद CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें स्कूल की कथित लापरवाही देखी जा रही है। वहीं स्कूल के बाहर लोगों ने प्रदर्शन किया और स्कूल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
3 min read
Aug 14, 2026
jaipur prince soni death
जयपुर के झोटवाड़ा में महाराणा प्रताप स्कूल के बाहर प्रदर्शन (Photo-Patrika)

Jhotwara School Student Death: जयपुर के झोटवाड़ा में स्थित महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं के छात्र प्रिंस सोनी की मौत के बाद मामला गरमा गया है। घटना से जुड़ा CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें स्कूल प्रशासन की कथित चूक दिखाई दे रही है। वहीं, शुक्रवार को बड़ी संख्या में आक्रोशित लोगों ने स्कूल के बाहर इकट्ठे होकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बच्चे को समय पर इलाज नहीं उपलब्ध करवाने के आरोप के लगाते हुए स्कूल प्रशासन पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने इस मामले में प्रिंस के माता-पिता की शिकायत के आधार पर स्कूल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

CCTV फुटेज आया सामने

मामले में अब CCTV फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें स्कूल प्रशासन की कथित लापरवाही साफ तौर पर नजर आ रही है। फुटेज में दिख रहा है कि बच्चे की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय सोफे पर लिटा दिया गया। जानकारी के अनुसार स्कूल से अस्पताल की दूरी महज करीब 100 मीटर है। इसके बावजूद प्रिंस को करीब 45 मिनट तक स्कूल में ही रखा गया और उसके परिजनों के आने का इंतजार किया गया।

प्रदर्शन के दौरान एक युवक गिरफ्तार

प्रिंस की मौत के बाद शुक्रवार को स्कूल के बाहर बड़ी संख्या में लोग और परिजन जुट गए और जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक की गिरफ्तारी के बाद मौके पर मौजूद लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रिंस की मौत के लिए जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए और परिवार को न्याय मिलना चाहिए।

स्कूल के बाहर एकत्रित हुए प्रदर्शनकारी (Photo-Patrika)

माता-पिता का क्या है कहना?

प्रिंस के माता-पिता ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। मां निर्मला का कहना है कि जब वह स्कूल पहुंचीं तो प्रिंस सोफे पर पड़ा था और उसकी हालत बेहद खराब थी। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल में गाड़ियां मौजूद होने के बावजूद बच्चे को तुरंत अस्पताल नहीं ले जाया गया। पिता अमित सोनी का कहना है कि स्कूल प्रशासन ने घटना के बाद उन्हें फोन कर खुद वाहन लेकर आने के लिए कहा, जबकि अस्पताल स्कूल से महज करीब 100 मीटर दूर था। परिजनों का आरोप है कि अगर प्रिंस को समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाता और तत्काल इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

कैसे हुई थी प्रिंस की मौत?

झोटवाड़ा स्थित महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं के छात्र प्रिंस सोनी की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। परिजनों के अनुसार, प्रिंस ने स्कूल की कैंटीन से लंच में पेटीज खाई थी। इसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। मामले में आरपो लगाया जा रहा है कि स्कूल की कैंटीन से प्रिंस ने पेटीज खरीदी थी जो बासी थी जिसकी वजह से वह उसके गले में अटक गई।

घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पांच दिन का अवकाश घोषित कर दिया। इसके साथ ही स्कूल के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाद में एफएसएल की टीम ने भी स्कूल पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य व सैंपल जुटाए।

Updated on:
14 Aug 2026 04:03 pm
Published on:
14 Aug 2026 04:01 pm