जयपुर

Rajasthan Monsoon: राजस्थान में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अधिकांश हिस्सों में होगी अच्छी बारिश

Rajasthan Monsoon 2026: राजस्थान में अगले कुछ दिनों में मानसून की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से अतिभारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
2 min read
Jul 05, 2026
rain in jodhpur
जोधपुर में बारिश। फोटो- पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में मानसून अब तेजी से सक्रिय होने जा रहा है। वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा उदयपुर, अजमेर और झुंझुनूं से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो से तीन दिनों में मानसून के राजस्थान के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे ओडिशा तट पर एक सुस्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।

यह वीडियो भी देखें

वहीं, सीजनल ट्रफ लाइन दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान से होकर गुजर रही है। इन मौसमी तंत्रों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने के संकेत हैं। इधर, शनिवार को उदयपुर, झालावाड़ और बारां के कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई। मौसम केन्द्र के अनुसार जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ भागों में आगामी पांच से सात दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा।

अति भारी बारिश की चेतावनी

इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। उधर, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में भी आगामी दिनों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम के ताजा पूर्वानुमानों पर नजर रखने और भारी बारिश के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

एक घंटे तक मूसलाधार बारिश

वहीं दूसरी तरफ लंबे इंतजार के बाद शनिवार रात जोधपुर में मानसून जैसी मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को भिगो दिया। रात करीब 9 बजे तेज धूल भरी हवा, बादलों की गर्जना और बिजली की चमक के साथ शुरू हुई बारिश लगभग एक घंटे तक लगातार होती रही। तेज बरसात से सड़कें दरिया बन गईं और शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह मानसून की एंट्री जैसे हालात है, हालांकि मौसम विभाग रविवार को आधिकारिक अपडेट जारी कर सकता है।

रात होते-होते मौसम ने करवट ली

इस बीच शनिवार को दिनभर शहर में बादलों की आवाजाही के बीच उमस भरा मौसम बना रहा। अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान अपेक्षाकृत कम रहने के बावजूद वातावरण में नमी अधिक होने से लोगों को दिनभर उमस का सामना करना पड़ा। रात होते-होते मौसम ने करवट ली और तेज हवाओं के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। लगातार हुई तेज बारिश से शहर की प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गई। कई स्थानों पर आधा फीट तक पानी बहने लगा, जिससे रात के समय घर लौट रहे लोगों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

रेलवे स्टेशन, मथुरादास माथुर अस्पताल के मुख्य द्वार, नेहरू पार्क, खतरनाक पुलिया सहित कई निचले क्षेत्रों में पानी भर गया। जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित रहा और कई वाहन धीमी गति से गुजरते नजर आए। रात 10 बजे के बाद भी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में भी जिले में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है। यदि यही स्थिति बनी रहती है तो रविवार को जोधपुर में मानसून के आधिकारिक प्रवेश की घोषणा की जा सकती है।

Published on:
05 Jul 2026 06:00 am