
Rain in kota
दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में शनिवार को मानसून ने रफ्तार पकड़ ली। हाड़ौती अंचल के झालावाड़ जिले में सुबह करीब पौन घंटे तक मानसून की हुई तेज बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला और लोगों को उमस व गर्मी से बड़ी राहत मिली।
वहीं कोटा शहर में दिनभर बादलों का डेरा रहा। शहर में अभी भी मानसून की पहली बरसात का इंतजार बना हुआ है। इससे उमस से थोड़ी राहत रही। अधिकतम तापमान 35.2 व न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। उमस के कारण लोग पसीने तर रहे। कूलर-पंखों की हवा भी बेअसर साबित हुई। कोटा के किसान भी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।
कोटा जिले में इटावा क्षेत्र के पीपल्दा और सांगोद क्षेत्र के कुंदनपुर में शनिवार को अच्छी बरसात हुई। झालावाड़ में शहर के साथ-साथ रायपुर, सुनेल सहित कई कस्बों में भी अच्छी बारिश हुई। बारां जिले के बड़गांव क्षेत्र में भी बारिश का दौर देखने को मिला।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार वर्तमान में मानसून की उत्तरी सीमा उदयपुर, अजमेर और झुंझुनूं से होकर गुजर रही है। उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने सुस्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र और सीजनल ट्रफ लाइन के प्रभाव से कोटा, उदयपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
साथ ही अगले 5 से 7 दिनों तक पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मानसून के सक्रिय रहने तथा कई स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना जताई है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के संकेत हैं।
संबंधित विषय:
Updated on:
04 Jul 2026 06:44 pm
Published on:
04 Jul 2026 06:43 pm
