जयपुर

Rajasthan Weather: जयपुर में 50MM बारिश, नालों में मिले 1 बच्चे समेत 3 शव, IMD ने दिया 9 जुलाई तक का मौसम पूर्वानुमान

Rajasthan Weather Forecast Report: राजस्थान में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जयपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में हुई तेज बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं मौसम विभाग ने 9 जुलाई तक प्रदेश में बारिश को लेकर नया पूर्वानुमान जारी किया है।
2 min read
Jun 26, 2026
Rajasthan Rain
जयपुर में हुई बारिश का फोटो: पत्रिका

Rain In Rajasthan: निर्जला एकादशी पर राजधानी जयपुर समेत पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में झमाझम बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई जबकि पश्चिमी राजस्थान के कई जिले अब भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार मानसून गुजरात और मध्यप्रदेश के रास्ते तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा अगले तीन से चार दिनों में राजस्थान के और हिस्सों में पहुंचने की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। जुलाई के पहले सप्ताह से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। कोटा में दिनभर की उमस भरी गर्मी के बाद दोपहर 3 बजे से कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश हुई।

जयपुर में गुरुवार शाम करीब तीन बजे शुरू हुई तेज बारिश ने महज एक घंटे में शहर को तरबतर कर दिया। करीब 50 मिमी (दो इंच) बारिश दर्ज होने से कई क्षेत्रों में पानी भर गया। वहीं बीते 24 घंटे में चूरू के सरदारशहर में 56 मिमी तथा झालावाड़ के सुनैल में 45 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

आंधी-बारिश से कार पर गिरा पेड़ (फोटो: पत्रिका)

जयपुर के नालों में मिले 3 शव

राजधानी जयपुर में गुरुवार को अलग-अलग क्षेत्रों के नालों से 1 बालक समेत 3 लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मुहाना क्षेत्र के केश्यावाला में 11 साल के लापता बालक अजमत का शव घर से करीब 500 मीटर दूर नाले में मिला। उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। दूसरी घटना मुहाना के रामपुरा फाटक की है, जहां शिव सागर कॉलोनी निवासी ओमी हरिजन (46) शराब के नशे में नाले के किनारे बैठा था। संतुलन बिगड़ने से वह नाले में गिर गया और उसकी मौत हो गई। वहीं हसनपुरा स्थित अमानीशाह नाले में नंदपुरी क्षेत्र से बहकर आया एक अज्ञात व्यक्ति का शव जाल में फंसा मिला। पुलिस ने शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच में शव पांच से सात दिन पुराना बताया गया है।

मौसम विभाग ने दिया दो सप्ताह का पूर्वानुमान

(26 जून-2 जुलाई): पूर्वी राजस्थानः कोटा, उदयपुर, भरतपुर और जयपुर संभाग के हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा।
पश्चिमी राजस्थानः कहीं-कहीं मेघगर्जन और बौछारें संभव हैं लेकिन भारी वर्षा के संकेत नहीं। 50 से 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना।

(3 से 9 जुलाई): पूर्वी राजस्थान: कोटा, बारां, झालावाड़, बूंदी तथा उदयपुर संभाग में वर्षा गतिविधियां बढ़ने के संकेत।
पश्चिमी राजस्थानः
अधिकांश भागों में वर्षा का वितरण सीमित रहने की संभावना है।

प्रदेश में बारिश (बीते 24 घंटे)

स्थानवर्षा (मिमी)
गांगरार (चित्तौड़गढ़)40
कुम्हेर (भरतपुर)40
सलूम्बर (उदयपुर)30
निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़)30
चौमूं (जयपुर)30
चित्तौड़गढ़ (चित्तौड़गढ़)30
पिरावा (झालावाड़)20
रेलमगरा (राजसमंद)20
जमवारामगढ़ (जयपुर)20
सावर (अजमेर)20

-वर्षा (मिमी)
गांगरार (चित्तौड़गढ़)-40
कुम्हेर (भरतपुर)-40
सलूम्बर (उदयपुर)-30
निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़)-30
चौमूं (जयपुर)-30
चित्तौड़गढ़ (चित्तौड़गढ़)-30
पिरावा (झालावाड़)-20
रेलमगरा (राजसमंद)-20
जमवारामगढ़ (जयपुर)-20
सावर (अजमेर)-20

Updated on:
26 Jun 2026 08:40 am
Published on:
26 Jun 2026 08:36 am