
Rajasthan Urban Development: जयपुर: राजस्थान के 49 शहरों के विकास का खाका तैयार करने के लिए सरकार करीब 13 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इन शहरों के मास्टर प्लान निजी एजेंसियों से तैयार कराए जाएंगे। सवाल यह है कि जब नगर निकायों और टाउन प्लानिंग विभाग में नियोजन से जुड़े विशेषज्ञ और टाउन प्लानर मौजूद हैं, तो मास्टर प्लान तैयार करने का काम ठेके पर देने की जरूरत क्यों पड़ रही है? प्रति शहर औसतन करीब 26.5 लाख रुपए खर्च होंगे। इस राशि का उपयोग शहरों में सड़क, पार्क, सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास में भी किया जा सकता है।
गोविंदगढ़, सीकरी, जायल, टिब्बी, बहादुरपुर, लक्ष्मणगढ़, बानसूर, उच्चैन, सुल्तानपुर, बसनी, सिवाना, सपोटरा, मंडावरी, बामनवास, हमीरगढ़, बड़ौदामेव, खाजूवाला, रामगढ़, सरमथुरा, बसेड़ी, पावटा-प्रागपुरा, भोपालगढ़, अटरू, मनोहरपुरा, नरैना (नारायणा), मंडावर, मारवाड़ जंक्शन, बौंली, बिजौलियां, मसूदा, लाम्बाहरिसिंह, नापासर, जमवारामगढ़, दांता, अजीतगढ़, धरियावद, पीपलू, डिग्गी, मेड़ता रोड, घड़साना, लूणकरनसर, नारायणपुर, टांटोटी, पहाड़ी, जाखल, गुड़ामालानी, मंधान, सोजत रोड और सिंधरी।
मास्टर प्लान तैयार करने की इस प्रक्रिया में गोपनीयता बनाए रखने को लेकर भी चिंता सामने आ रही है। मास्टर प्लान लागू होने से पहले इसके प्रस्तावित भू-उपयोग, सड़क नेटवर्क और विकास संबंधी प्रावधानों की जानकारी सार्वजनिक होने से जमीनों और भू-उपयोग परिवर्तन से जुड़े हित प्रभावित हो सकते हैं। निजी एजेंसियों के लिए गोपनीयता संबंधी शर्तें और सुरक्षा प्रावधान क्या होंगे, यह स्पष्ट होना जरूरी है। गोपनीयता बनाए रखने के लिए कंपनियों पर क्या राइडर लगाए जाएंगे, यह स्पष्ट नहीं है।
मास्टर प्लान किसी शहर के विकास का नीतिगत दस्तावेज होता है। इसमें पूरे शहर के भविष्य का व्यापक खाका तैयार किया जाता है। शहर के किस क्षेत्र में आवासीय, व्यावसायिक, संस्थागत या औद्योगिक गतिविधियां होंगी, कहां सड़कें विकसित होंगी, परिवहन व्यवस्था कैसी होगी और पार्क, मनोरंजन व अन्य सुविधाओं के लिए जमीन कहां निर्धारित की जाएगी, इसका निर्धारण मास्टर प्लान में किया जाता है।
मास्टर प्लान शहर के विकास का अहम दस्तावेज है। इसे आउटसोर्स करना बहुत ही जरूरी हो, तो निजी एजेंसियों पर सख्त निगरानी और गोपनीयता की शर्तें लागू होनी चाहिए। इसकी अंतिम जिम्मेदारी सरकार और टाउन प्लानिंग विभाग की ही हो।
-सी. एस. पाराशर, पूर्व अतिरिक्त मुख्य नगर नियोजक, राजस्थान
विशेषज्ञता, तकनीकी संसाधन और निर्धारित समय-सीमा को ध्यान में रखते हुए एजेंसियों की सेवाएं ली जा रही हैं। पारदर्शिता और स्थानीय आवश्यकताओं से कोई समझौता नहीं होगा। निजी एजेंसियों के काम की विभागीय स्तर पर समीक्षा और निगरानी की जाएगी।
-झाबर सिंह खर्रा, नगरीय विकास मंत्री