जयपुर

Rajasthan Scheme : राजस्थान में करीब 30,000 मेधावी छात्राओं को मिलेगी स्कूटी, मेरिट सूची जारी

Rajasthan : राजस्थान सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना और देवनारायण योजना के तहत विभिन्न वर्गों की करीब तीस हजार छात्राओं का स्कूटी वितरण के लिए चयन किया है।
2 min read
Rajasthan Around 30,000 meritorious girl students will get scooties merit list Release
Rajasthan Scheme : राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा। फोटो पत्रिका

Rajasthan : राजस्थान सरकार ने वर्ष 2025-26 के लिए कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना और देवनारायण योजना के तहत विभिन्न वर्गों की करीब तीस हजार छात्राओं का स्कूटी वितरण के लिए चयन किया है। इसके लिए मेरिट सूची जारी कर दी गई है। यह उच्च शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्हें ई-वाउचर या डीबीटी के जरिए राशि दी जाएगी। इस संबंध में वित्त विभाग से मंजूरी मिलने के बाद प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

राजस्थान में कालीबाई भील मेधावी छात्रा स्कूटी योजना के तहत 25,179 छात्राओं का चयन किया गया है। उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित इस योजना में सर्वाधिक 11,301 अनुसूचित जनजाति (12वीं उत्तीर्ण) छात्राओं का चयन हुआ है। योजना के तहत अल्प आय वर्ग एवं स्नातक प्रथम वर्ष में नामांकित सभी वर्गों की 4709, अनुसूचित जाति वर्ग की 2825, अनुसूचित जनजाति (10वीं उत्तीर्ण) की 2825, सामान्य वर्ग के आर्थिक पिछड़ा वर्ग की 1695, अल्पसंख्यक वर्ग की 1715 तथा विमुक्त, घुमंतु एवं अर्धघुमंतु वर्ग की 109 छात्राओं को लाभ मिलेगा।

छात्राओं को मिलेगा प्रोत्साहन

इसी प्रकार देवनारायण छात्रा स्कूटी योजना के अंतर्गत अल्प आय वर्ग एवं राजकीय महाविद्यालयों/संस्थानों में स्नातक प्रथम वर्ष में अध्ययनरत अति पिछड़ा वर्ग की 4240 छात्राओं का स्कूटी के लिए चयन किया गया है। इसके अलावा 2,573 छात्राओं का चयन देवनारायण प्रोत्साहन राशि योजना के तहत किया गया है। इस वर्ष देवनारायण छात्रा स्कूटी योजना के लिए कट-ऑफ 77.20 प्रतिशत रही। इससे छात्राओं को प्रोत्साहन मिलेगा।

दो साल का बैकलॉग खत्म करने का प्रयास

इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्गों की मेधावी छात्राओं की शिक्षा जारी रखने में सहयोग देना है। चयनित छात्राओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्कूटी एवं योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा। दो साल का बैकलॉग खत्म करने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।
दिलीप गोयल, संयुक्त निदेशक (छात्रवृत्ति) छात्राओं को मिलेगा प्रोत्साहन

Updated on:
28 Jul 2026 04:03 pm
Published on:
28 Jul 2026 04:03 pm