जयपुर

Rajasthan Assembly Election 2023 : 200 विधानसभा सीटों के लिए दूसरे राज्यों से आएंगे बीजेपी विधायक, जल्द जयपुर में होगी बैठक

Rajasthan Assembly Election 2023 : भाजपा इस बार हर सीट का फीडबैक लेने के लिए अलग-अलग प्रयोग कर रही है। सर्वे तो चल ही रहे हैं।

2 min read
Aug 12, 2023
bjp_flag_1.jpg

जयपुर पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क। Rajasthan Assembly Election 2023 : भाजपा इस बार हर सीट का फीडबैक लेने के लिए अलग-अलग प्रयोग कर रही है। सर्वे तो चल ही रहे हैं। साथ ही बड़े नेताओं को भी जिलेवार फीडबैक लेने के लिए भेजा जा रहा है। अब पार्टी ने एक और नया प्रयोग करने का निर्णय किया है। इसके तहत अगला जो फीडबैक लिया जाएगा, वह प्रदेश के नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के विधायक लेंगे। विधायक यह फीडबैक आलाकमान को देंगे।

पार्टी से जुड़े उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार गुजरात, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश एवं कुछ अन्य राज्यों के 200 भाजपा विधायकों की सूची केंद्रीय स्तर पर तैयार हो रही है। यह भी संभव है कि 200 विधायकों की सूची में अन्य राज्यों के कुछ पदाधिकारियों को भी शामिल किया जा सकता है। यह सूची तैयार होते ही प्रदेश भाजपा के नेताओं को भेजी जाएगी। इसके बाद जातिगत और अनुभव के आधार पर इन विधायकों को एक-एक विधानसभा सीट आवंटित होगी। यह विधायक इन विधानसभाओं में सात दिन तक रहेंगे। सात दिन में ये पूरी विधानसभा की विस्तृत रिपोर्ट तैैयार कर भाजपा आलाकमान को सौंपेंगे।

19 या 20 को आ सकते हैं जयपुर
बताया जा रहा है कि ये विधायक 19 या 20 अगस्त को जयपुर आ सकते हैं। विधानसभा में भेजने से पहले इन विधायकों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन होगा। संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर इन विधायकों को कार्यशाला के माध्यम से प्रदेश की जानकारी देंगे। कार्यशाला में चुनाव प्रभारी प्रल्हाद जोशी, प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ सहित अन्य नेता भी मौजूद रह सकते हैं।

ये फीडबैक देंगे विधायक
विधानसभा के जातिगत समीकरण क्या है।
वर्तमान में विधानसभा में भाजपा का विधायक है या अन्य। उस विधायक की क्या स्थिति है।
वर्तमान में भाजपा का विधायक है तो उसका मजबूत और कमजोर पक्ष क्या है।
विधानसभा में क्या-क्या बड़े काम हुए हैं।
विधानसभा में कौनसे बड़े काम अधूरे हैं।
विधानसभा में क्या-क्या बड़े मुद्दे हैं, जो चुनाव का प्रभावित कर सकते हैं।
विधानसभा में संगठन की क्या स्थिति है।
विधानसभा में रहने वाले पार्टी के कौनसे पदाधिकारी प्रभावी हैं और कौन सक्रिय हैं।
पार्टी के पूर्व पदाधिकारियों से संगठन की दूरी है या नहीं।
विचार परिवार से पार्टी पदाधिकारियों को कैसा समन्वय है।

Published on:
12 Aug 2023 12:07 pm