जयपुर

राजस्थान विधानसभा में ‘भांग’ पर सियासी संग्राम: मंत्री दिलावर और जूली के बीच तीखी नोकझोंक

Rajasthan Assembly Clash: जयपुर। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल और महात्मा गांधी अंग्रेजी स्कूलों में शिक्षकों की कमी पर शिक्षा मंत्री, नेता प्रतिपक्ष और गोविंद सिंह डोटासरा के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
2 min read
Mar 10, 2026
शिक्षामंत्री दिलावर और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पत्रिका फाइल फोटो
शिक्षामंत्री दिलावर और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पत्रिका फाइल फोटो

Rajasthan Assembly Clash: जयपुर। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल और महात्मा गांधी अंग्रेजी स्कूलों में शिक्षकों की कमी पर शिक्षा मंत्री, नेता प्रतिपक्ष और गोविंद सिंह डोटासरा के बीच तीखी नोकझोंक हुई। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने यहां तक कह दिया कि पिछली सरकार ने भांग खाकर स्कूल खोल दिए थे और डोटासरा ने भांग खाई हुई थी। इस पर नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी पलटवार करते हुए कहा कि शिक्षा मंत्री ही भांग खाकर जवाब दे रहे हैं और सीधे सवाल का जवाब नहीं दे रहे।

विद्यालय क्रमोन्नत, पद सृजित नहीं

दिलावर ने मूल प्रश्नकर्ता महंत बालकनाथ के प्रश्न पर कहा कि पिछली सरकार ने विद्यालयों को अंग्रेजी में क्रमोन्नत तो कर दिया, लेकिन उनमें एक भी पद सृजित नहीं किया। न शिक्षक लगाए और कई जगह ऐसे शिक्षक थे जिन्हें अंग्रेजी तक नहीं आती थी। अब इंटरव्यू लेकर शिक्षक लगा रहे हैं।

भांग पर सदन में हंगामा

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने शिक्षकों की कमी दूर करने का सवाल उठाया तो दिलावर ने कहा कि कई विद्यालय ऐसे हैं, जहां 10, 12 या 13 ही विद्यार्थी हैं। उसमें ये चाहते हैं कि वहां लेक्चरर, सेकंड ग्रेड और अन्य शिक्षक लगाओ। ऐसा कैसे संभव है, जरूरत के अनुसार ही शिक्षक लगाए जाएंगे।
उन्होंने जोधपुर जिले के एक स्कूल का जिक्र करते हुए कहा कि वहां एक भी छात्र नहीं है। अगर ऐसे स्कूल बंद किए जाएं तो कहेंगे सरकार स्कूल बंद कर रही है। पता नहीं भांग खाकर ही स्कूल खोल दिए गए। इस पर सदन में कुछ देर हंगामा हुआ।

भांग खाकर स्कूल खोले, भांग खाकर दे रहे जवाब

टीकाराम जूली ने कहा कि दो, पांच या 15 छात्र हों, क्या उन्हें स्कूल भवन और शिक्षक मिलने का अधिकार नहीं है? व्यवस्था तो कराई नहीं जा रही और बोल रहे हो भांग खाकर स्कूल खोल दिए। जवाब भांग खाकर दे रहे हो।

इस पर गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद स्कूल केंद्र सरकार की नीति के तहत खोले गए हैं। कई जगह एक-दो या दस छात्र हो सकते हैं, लेकिन जो प्रश्न पूछा गया है, उसका सीधा जवाब दिया जाना चाहिए। इस पर दिलावर ने कहा कि डोटासरा असत्य बोल रहे हैं और पिछली सरकार ने कोई पद सृजित नहीं किया। हम पूरी व्यवस्था करेंगे। शिक्षक लगाएंगे और सभी बच्चों को बेहतर शिक्षा देंगे।

Updated on:
10 Mar 2026 08:08 am
Published on:
10 Mar 2026 08:08 am