LPG Supply News: कलेक्टर ने एक हाई-लेवल मीटिंग के बाद कड़े निर्देश जारी किए हैं, जिनका सीधा असर शहर के हर रसोई घर पर पड़ेगा।
LPG Supply News: राजस्थान की राजधानी में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच जिला प्रशासन ने अब आर-पार की जंग छेड़ दी है। जयपुर जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने एक हाई-लेवल मीटिंग के बाद कड़े निर्देश जारी किए हैं, जिनका सीधा असर शहर के हर रसोई घर पर पड़ेगा।
कलेक्टर ने रसद विभाग (Food Department) और गैस कंपनियों को सख्त लहजे में कहा है कि जिले के एक भी घर में गैस की सप्लाई बाधित नहीं होनी चाहिए। अगर किसी एजेंसी ने बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं पहुँचाया, तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन के संज्ञान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व घरेलू सिलेंडरों से गैस चोरी कर छोटे सिलेंडरों में भर रहे हैं। इसे रोकने के लिए पुलिस आयुक्तालय (Police Commissionerate) के साथ मिलकर एक विशेष टास्क फोर्स बनाई गई है। यह टीम शहर के संदिग्ध इलाकों में औचक छापेमारी करेगी। यदि कोई होटल या ढाबा घरेलू सिलेंडर का उपयोग करता पाया गया, तो उस पर भारी जुर्माने के साथ-साथ कानूनी मुकदमा भी दर्ज होगा।
डॉ. सोनी ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। गैस की कोई कमी नहीं है, बस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। पारदर्शी व्यवस्था के लिए प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 112 और 1445 को एक्टिव कर दिया है।