
सुल्तानपुर नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव के दौरान 21 सितंबर को हुए विवाद के मामले में पीपल्दा से कांग्रेस विधायक चेतन पटेल के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। सुल्तानपुर थानाधिकारी दौलत साहू के अनुसार विधायक पर राजकार्य में बाधा डालने, रास्ता रोकने और जाम लगाने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। एफआईआर में विधायक का नाम होने के कारण प्रकरण को सीआईडी-सीबी को जांच के लिए भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को भाजपा के 13 पार्षद नगर पालिका अध्यक्ष पद के मतदान के लिए एक वाहन से मतदान केंद्र पहुंचे थे। इसी दौरान कांग्रेस पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के पास वाहन रोकने का प्रयास किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब उन्हें मतदान केंद्र तक पैदल जाने दिया गया तो भाजपा पार्षदों को भी पैदल जाना चाहिए। विरोध और नारेबाजी के बीच स्थिति बिगड़ गई। पुलिस ने लोगों को हटाया। इसी दौरान पथराव हुआ और भाजपा पार्षदों की गाड़ी का शीशा टूट गया। पुलिस ने भाजपा पार्षदों को मतदान केंद्र तक पहुंचाया।
पथराव के बाद पुलिस ने कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। इसकी जानकारी मिलने पर विधायक चेतन पटेल समर्थकों के साथ सुल्तानपुर थाने पहुंचे। पुलिस के अनुसार यहां विधायक और पुलिसकर्मियों के बीच बहस हुई तथा पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने का आरोप है। बाद में विधायक और कांग्रेस पदाधिकारी थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी बहस की बात भी सामने आई थी।
विधायक चेतन पटेल ने मुकदमे को गलत बताया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के दौरान उन्हें मतदान केंद्र में जाने से रोका गया, लेकिन उन्होंने पुलिस के साथ सहयोग किया। उनके अनुसार बाद में भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य नेताओं के साथ भाजपा पार्षदों की गाड़ियां अंदर गई, जिसका कांग्रेस पार्षदों ने विरोध किया। विधायक ने पथराव के मामले में स्पष्ट फुटेज या सबूत सामने नहीं आने का दावा किया और आरोप लगाया कि पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठियां चलाईं तथा कुछ लोगों को बेवजह हिरासत में लिया।
सुल्तानपुर नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनीता मेघवाल ने थाने में शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार भाजपा पार्षदों को मतदान के लिए ले जा रही गाड़ी को रोका गया और उस पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने महिलाओं से धक्का-मुक्की, लज्जा भंग की कोशिश और कांग्रेस नेता दिलीप शर्मा कालू पर जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। इस शिकायत पर पुलिस ने भी प्रकरण दर्ज किया है।