जयपुर

डिप्टी सीएम दीया कुमारी के बेटे पद्मनाभ सिंह अर्जुन अवॉर्ड 2025 के लिए नॉमिनेट, भारतीय पोलो टीम के रह चुके हैं कैप्टन

अर्जुन अवॉर्ड 2025 के लिए नामित खिलाड़ियों की सूची जारी हुई है। इसमें डिप्टी सीएम दीया कुमारी के बेटे और भारतीय पोलो टीम के पूर्व कप्तान पद्मनाभ सिंह का नाम शामिल है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पोलो में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें यह सम्मान मिलेगा।

2 min read
Dec 26, 2025
डिप्टी सीएम दीया कुमारी और पद्मनाभ सिंह (फोटो- पत्रिका)

जयपुर: खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को दिया जाने वाला प्रतिष्ठित अर्जुन अवॉर्ड 2025 के लिए नामित खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी गई है। इस सूची में राजस्थान के लिए खास गौरव की बात यह है कि जयपुर के पूर्व शाही परिवार से जुड़े और डिप्टी मुख्यमंत्री दीया कुमारी के बेटे पद्मनाभ सिंह का नाम भी शामिल किया गया है।

बता दें कि पोलो के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन और योगदान के चलते उन्हें इस सम्मान के लिए नामित किया गया है। 27 साल के पद्मनाभ सिंह न सिर्फ जयपुर के पूर्व राजघराने के सदस्य हैं, बल्कि भारतीय पोलो जगत का जाना-पहचाना चेहरा भी हैं।

ये भी पढ़ें

Churu News: सालासर में केमिकल से तैयार कर रहे थे घी, 7500 लीटर नकली घी जब्त

उन्होंने पोलो को पारंपरिक शाही खेल की सीमाओं से बाहर निकालकर आधुनिक और प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है। उनकी अगुवाई में भारतीय पोलो को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर नई पहचान मिली। वे भारतीय पोलो टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।

कम उम्र में हासिल की बड़ी उपलब्धियां

पद्मनाभ सिंह ने कम उम्र में ही पोलो में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनकी खेल शैली, रणनीतिक समझ और लीडरशिप की देश-विदेश में सराहना होती रही है। खेल के साथ-साथ युवाओं को प्रेरित करने की उनकी भूमिका को देखते हुए साल 2018 में उन्हें फोर्ब्स अंडर-30 एशिया की सूची में भी शामिल किया गया था। हाल ही में अमेरिकी ब्रांड यूएस पोलो एसोसिएशन ने उन्हें अपना ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है, जिससे उनकी अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत हुई है।

दीया कुमारी के बड़े बेटे हैं पद्मनाभ सिंह

पद्मनाभ सिंह, राजस्थान की डिप्टी सीएम दीया कुमारी के बड़े बेटे हैं। साल 2011 में उनके दादा सवाई भवानी सिंह ने उन्हें पारंपरिक रूप से 'महाराजा' की उपाधि दी थी, हालांकि यह उपाधि अब आधिकारिक नहीं है।

उनकी प्रारंभिक शिक्षा अजमेर के प्रतिष्ठित मेयो कॉलेज से हुई, जबकि आगे की पढ़ाई उन्होंने इंग्लैंड के मिलफील्ड स्कूल से पूरी की। खेलों के साथ-साथ वे अपने फैशन सेंस, विंटेज कार कलेक्शन और पोलो के प्रति जुनून के लिए भी युवाओं के बीच खासे लोकप्रिय हैं।

अर्जुन अवॉर्ड भारत सरकार द्वारा साल 1961 से दिया जा रहा है। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया हो। पुरस्कार में कांस्य प्रतिमा, प्रमाण पत्र और 15 लाख रुपए तक की नकद राशि शामिल होती है।

ये खिलाड़ी भी अर्जुन पुरस्कार के लिए नॉमिनेट

पद्मनाभ सिंह के अलावा अर्जुन अवॉर्ड 2025 के लिए कई नामी खिलाड़ियों को भी नामित किया गया है। एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर, प्रियंका और मोहम्मद अफसल, बॉक्सिंग में नरेंद्र, शतरंज में विदित गुजराथी और दिव्या देशमुख, हॉकी में राजकुमार पाल और लालरेम्सियामी, कबड्डी में सुरजीत और पूजा, शूटिंग में अखिल शेरॉन और मेहुली घोष, बैडमिंटन में त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद सहित कई अन्य खिलाड़ियों के नाम सूची में शामिल हैं।

ये भी पढ़ें

Railway New Decision : 1 जनवरी से ट्रेनों के टाइम टेबल में होगा बदलाव, रेलवे का बड़ा फैसला

Updated on:
26 Dec 2025 09:06 am
Published on:
26 Dec 2025 07:42 am
Also Read
View All

अगली खबर