जयपुर

दिवाली पर पटाखों की चिंगारी से राजस्थान में कई जगह लगी आग, करोड़ों का नुकसान; पाली में 2 लोगों की मौत

Rajasthan Diwali Fire Incidents : दीपावली की रात राजस्थान के कई जिलों में आग लगने की घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। जयपुर में दुकान, शोरूम और कपड़ों के गोदाम आग की चपेट में आए।
4 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 11:49 AM IST
jaipur fire
जयपुर में लगी आग। फोटो: पत्रिका

जयपुर। दीपावली की रात राजस्थान के कई जिलों में आग लगने की घटनाओं से अफरा-तफरी मच गई। जयपुर, सीकर, उदयपुर, कोटा, जालोर, बीकानेर और पाली सहित कई जिलों से आग लगने की खबरें सामने आईं। ऐसे में करोड़ों रुपए के नुकसान का अनुमान है। जयपुर में दुकान, शोरूम और कपड़ों के गोदाम आग की चपेट में आए।

सीकर के श्रीमाधोपुर में कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में आग लगी, जबकि कोटा में 30 से ज्यादा जगहों पर आग लग गई। उदयपुर में ढाबे और कार गैराज में आग लगी। जालोर के देसू गांव में तीन परिवारों के झोंपड़े जलकर राख हो गए। पाली के फालना में पटाखों की दुकान में भीषण आग से कांग्रेस पार्षद और उनके पति की मौत हो गई। कई जगह दमकलकर्मियों को घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

रंगोली गार्डन सोसाइटी की 11वीं मंजिल पर भीषण आग

राजधानी जयपुर में कई जगह आग लगने की घटनाएं सामने आई। वैशाली नगर स्थित रंगोली गार्डन सोसाइटी की 11वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। वहीं, झोटवाड़ा के अंबिका विहार प्रेम नगर में मंडप साड़ी शोरूम में रात करीब 11 बजे आग लगी, जिस पर सुबह तक मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। शोरूम से महज 10 मीटर की दूरी पर गैस गोदाम होने से बड़ा हादसा होने का खतरा था।

साड़ी शोरूम में लगी आग पर पाया काबू। फोटो: पत्रिका

इसके अलावा खातीपुरा रोड पर गद्दों के शोरूम और फर्नीचर की दुकान में आग से लाखों का सामान जल गया। रामपुरा रोड स्थित सुंदर नगर में कपड़ों के गोदाम में भी पटाखे से आग लग गई। सूचना पर मुहाना थाना पुलिस और दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश। पत्रिका फाइल फोटो

पाली में कांग्रेस पार्षद और उनके पति की मौत

पाली जिले के फालना कस्बे में रविवार रात दुकान में पटाखों के कारण आग लग गई। आग में आसपास की दो और दुकानें चपेट में आ गईं।हादसे में खुडाला-फालना नगर पालिका की कांग्रेस पार्षद ऊषा पूनमिया की दम घुटने से मौत हो गई। वहीं, उनके पति और दुकान के मालिक प्रकाश जिंदा जल गए। दोनों को बचाने की कोशिश में प्रकाश के बड़े भाई भी झुलस गए।

भाजपा पार्षद का गोदाम जला

सीकर जिले के श्रीमाधोपुर में देर रात दो जगह आग लगने की घटनाएं सामने आई। नवोडी कॉलोनी में भाजपा पार्षद श्यामसुंदर नारनौली के गोदाम में रात करीब पौने 12 बजे आग लग गई। गोदाम से धुआं उठने पर राहगीर की सूचना पर नगरपालिका की दमकल मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से काफी नुकसान हुआ है। वहीं, वार्ड 18 के साध्यावाली इलाके में महेंद्र सिंह शेखावत के खेत में रखी कड़बी में आग लग गई। जिस पर समय रहते काबू पा लिया।

रॉकेट गिरने से ढाबे में लगी आग

उदयपुर शहर में दो जगह आग लगने की घटनाएं सामने आई। सेक्टर-14 में रात करीब 10 बजे रॉकेट ढाबे में गिरने से आग भड़क गई। दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग गैस सिलेंडर तक नहीं पहुंची। दूसरी घटना रेती स्टैंड स्थित कार सर्विस गैराज में हुई। यहां पटाखे की चिंगारी से झाड़ियों और पास खड़ी कार में आग लग गई। क्लासिक ऑटो इलेक्ट्रिक के संचालक मेहफूज अहमद और उनके साथियों ने बोरिंग के पानी से आग बुझाकर बड़ा नुकसान होने से बचा लिया।

जालोर में तीन परिवारों के आशियाने राख

जालोर जिले के देच्छू गांव में आग लगने की घटना से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से भील समाज के तीन परिवारों के झोंपड़े जलकर राख हो गए। हादसे में घरों में रखा घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं भी जल गईं। दिवाली के दिन हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बीकानेर में आग की घटना। फोटो: प​त्रिका

बीकानेर में कूलर स्क्रैप के बाड़े में लगी आग

बीकानेर जिले के रानीसर बास में सोमवार तड़के कूलर स्क्रैप के बाड़े में भीषण आग लग गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि पटाखों की चिंगारी के कारण आग लगी। आग की लपटें कई फीट ऊंचाई तक दिखाई देने लगी। इससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद नगर निगम की चार दमकलें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की सूचना मिलते ही पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित, अनूप गहलोत और अयूब कायमखानी भी मौके पर पहुंचे।

कोटा में 30 से ज्यादा जगह लगी आग

कोटा शहर में आग लगने की 30 से ज्यादा घटनाएं सामने आईं। दिवाली के दिन शाम 5 बजे से देर रात डेढ़ बजे तक दमकल कंट्रोल रूम में आग लगने की सूचनाएं मिलती रही। खाली प्लॉट, रिहाइशी मकान, खेत, जंगल और सरकारी परिसरों में आग लगने से अफरा—तफरी मच गई। महावीर नगर थाने में खड़ी जब्तशुदा बाइकें भी आग की चपेट में आ गईं। आवली रोजड़ी में पराली से भरी ट्रॉली, गिरधरपुरा और रेलवे कॉलोनी में पराली के ढेर में आग लग गई। हालांकि, दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सभी जगह आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

Updated on:
9 Nov 2026, 11:49 AM IST
Published on: