
Rajendra Singh Rathore shaving Viral Video: राजस्थान बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह राठौड़ का एक अनोखा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में राठौड़ की जबरदस्त मल्टीटास्किंग देखने को मिल रही है। वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि राठौड़ घर पर आराम से कुर्सी पर बैठकर दाढ़ी (शेविंग) बनवा रहे हैं। लेकिन काम के प्रति उनकी व्यस्तता ऐसी है कि इसी दौरान उनका स्टॉफ जरूरी फाइलें और दस्तावेज लेकर उनके पास पहुंच जाता है।
राठौड़ बिना रुके, चेहरे पर शेविंग क्रीम लगी होने के बावजूद, बीच में ही कागजों को बारीकी से देखते और उन पर दस्तखत करते नजर आ रहे हैं।
करीब 17-18 सेकेंड के इस वीडियो में एक युवक सफेद कुर्ता-पजामा पहने फाइलें लेकर उनके सामने झुकता है। राजेंद्र राठौड़ एक हाथ से फाइल पकड़कर बेहद ध्यान से कागजों को पलटते हैं, उन्हें पढ़ते हैं और साइन कर देते हैं। उनके आसपास कई अन्य कार्यकर्ता और लोग भी खड़े दिखाई दे रहे हैं, जो इस पूरे नजारे को देख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को शेयर करते हुए यूजर्स इसकी तुलना मशहूर बॉलीवुड फिल्म '3 Idiots' के प्रोफेसर वीरू सहस्रबुद्धे (वायरस) के किरदार से कर रहे हैं, जो शेविंग करते हुए पॉवर नैप लेता था और दोनों हाथों से लिखता था। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, आज राठौड़ साहब ने तो 3 idiots फिल्म के वायरस का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
कई समर्थक और सोशल मीडिया यूजर्स इसे "जनसेवा की अनूठी मिसाल" मान रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, बिना पद के ही इतने बिजी हैं, अगर कोई बड़ा पद मिला तो 24 घंटे जनता की सेवा करेंगे। इंस्टाग्राम रील्स पर भी लोग लिख रहे हैं कि दाढ़ी बनवाते हुए भी राजेंद्र राठौड़ जनता की समस्याएं सुन रहे हैं।
दूसरी तरफ कुछ आलोचकों का कहना है कि यह सब सिर्फ एक "पॉलिटिकल नौटंकी" और इमेज चमकाने का जरिया है। उनका मानना है कि कैमरे के सामने व्यस्तता दिखाने का यह महज एक दिखावा है।
राजेंद्र सिंह राठौड़ राजस्थान की राजनीति के सबसे अनुभवी और कद्दावर चेहरों में से एक हैं। वे कई बार विधायक रह चुके हैं और बीजेपी के भीतर बेहद सक्रिय भूमिका निभाते हैं। वर्तमान में भले ही उनके पास कोई मंत्री पद न हो, लेकिन विभिन्न मुद्दों पर उनकी सक्रियता लगातार बनी रहती है।