जयपुर

Khatipura Station: जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के इंतजाम शुरू, बनेगी RPF चौकी; लगेंगे 21 कैमरे

Jaipur Khatipura Railway Station: जयपुर के खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ चौकी का निर्माण शुरू हो गया है। इस पर करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपए खर्च होंगे। जानिए कहां पड़ता है खातीपुरा स्टेशन-
2 min read
• •
Oct 14, 2026
khatipura Railway Station
khatipura Railway Station. Photo- Patrika

Khatipura Railway Station: खातीपुरा स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की कवायद शुरू हो गई है। यहां रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) चौकी का निर्माण शुरू कर दिया गया है। स्टेशन परिसर में निगरानी के लिए 21 सीसीटीवी कैमरे लगाने की तैयारी भी की जा रही है। इसके लिए सर्वे शुरू हो गया है। साथ ही, वाणिज्य विभाग में पदों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

दरअसल, खातीपुरा प्रदेश का पहला सैटेलाइट स्टेशन है। करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से इसे अत्याधुनिक बनाया गया, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से सवाल उठ रहे थे। स्टेशन पर चोरी की घटनाएं भी सामने आई थीं। राजस्थान पत्रिका ने सुरक्षा इंतजामों की कमी और चोरी की घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।

खातीपुरा स्टेशन पर 1.40 करोड़ रुपए से बनेगी चौकी

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, खातीपुरा स्टेशन पर आरपीएफ चौकी का निर्माण शुरू हो गया है। इस पर करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपए खर्च होंगे। चौकी शुरू होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगतपुरा और गांधीनगर की चौकियों पर निर्भरता कम होगी।

खातीपुरा रेलवे स्टेशन पर 21 कैमरों से होगी निगरानी

खातीपुरा रेलवे स्टेशन परिसर में 21 सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है। इसके लिए सर्वे किया जा रहा है। सर्वे के आधार पर कैमरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।

खातीपुरा रेलवे स्टेशन वाणिज्य विभाग में बढ़ाए पद

खातीपुरा रेलवे स्टेशन के वाणिज्य विभाग में पदों की संख्या 5 से बढ़ाकर 7 कर दी गई है। हालांकि, वर्तमान में यहां केवल 4 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। ऐसे में स्वीकृत पद बढ़ने के बावजूद कर्मचारियों की उपलब्धता का अंतर बना हुआ है।

जयपुर में कहां है खातीपुरा रेलवे स्टेशन

खातीपुरा रेलवे स्टेशन जयपुर के जगतपुरा इलाके के सीबीआई फाटक से करीब चार किलोमीटर दूरी पर इंदिरा गांधी नगर के सेक्टर 5 के सामने स्थित है। जयपुर जंक्शन पर ट्रेनों के भारी दबाव को कम करने के उद्देश्य से खातीपुरा स्टेशन को आधुनिक सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है।

जयपुर जंक्शन के बाद गांधी नगर स्टेशन और जगतपुरा स्टेशन के बाद खातीपुरा रेलवे स्टेशन आता है। खातीपुरा रेलवे स्टेशन से दिल्ली और आगरा की ओर जाने वाली ट्रेन गुजरती हैं। यह स्टेशन आगरा रोड, जगतपुरा, मालवीय नगर और सांगानेर जैसे प्रमुख आवासीय क्षेत्रों के काफी करीब है।

Updated on:
14 Oct 2026 02:11 pm
Published on:
14 Oct 2026 02:11 pm