
राजस्थान में आगामी पंचायती राज संस्थाओं और नगरीय निकायों के चुनावों को लेकर प्रदेश का राजनीतिक पारा अचानक चढ़ गया है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव तारीखों के औपचारिक ऐलान से पहले ही संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और मजबूत चुनावी रणनीति तैयार करने के लिए मैराथन बैठकें और नियुक्तियों का दौर शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश में पार्टी ने भरतपुर संभाग, बीकानेर संभाग और जोधपुर संभाग के लिए वरिष्ठ और जिम्मेदार नेताओं को निकाय प्रभारियों के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। यह नियुक्तियां प्रदेश महामंत्री और मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बागड़ी द्वारा आधिकारिक रूप से जारी की गई हैं। नगर निगम, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में इन प्रभारियों की तैनाती से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा आगामी स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर कितनी गंभीर है और किसी भी प्रकार की कसर नहीं छोड़ना चाहती।
जारी की गई इस सूची में पार्टी ने स्थानीय समीकरणों, जातिगत गणित और सांगठनिक अनुभव को ध्यान में रखते हुए नेताओं को जिम्मेदारी दी है। इन प्रभारियों का प्राथमिक कार्य अपने-अपने आवंटित निकायों में संगठन की गतिविधियों का संचालन करना, योग्य और जिताऊ प्रत्याशियों की पहचान करना और राज्य सरकार की ढाई साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कमान संभालने के बाद से ही संगठन को आगामी स्थानीय चुनावों के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया है। राठौड़ ने पार्टी पदाधिकारियों को बूथ समिति और पन्ना प्रमुख स्तर तक सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं, जिससे हर घर तक पार्टी का संपर्क बना रहे।
भरतपुर डिविजन हमेशा से राजस्थान की राजनीति में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रहा है। यहां नगर निगम भरतपुर के साथ-साथ कई बड़ी नगर परिषदें और नगरपालिकाएं हैं, जहां भाजपा अपना परचम लहराने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है।
जारी सूची में राकेश पाठक को भरतपुर नगर निगम, गिरधारी तिवाड़ी को डीग नगर परिषद और मदन प्रजापत को सवाई माधोपुर नगर परिषद की कमान सौंपकर भाजपा ने अनुभव को तवज्जो दी है।
भरतपुर संभाग, जो कभी कांग्रेस का मजबूत किला माना जाता था, वहां पिछले कुछ चुनावों में भाजपा ने अपनी पकड़ मजबूत की है। अब आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के इन 32 प्रभारियों पर कांग्रेस के कुशासन और कथित गुटबाजी को मुद्दा बनाकर जनता के बीच जाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
करौली में सुशील दीक्षित और हिण्डौन में रामावतार मीणा जैसे नेताओं को परिषदों की जिम्मेदारी दी गई है, जहां भाजपा को टिकट वितरण से लेकर समन्वय तक कड़ी मेहनत करनी होगी। धौलपुर में प्रेम प्रकाश शर्मा को नगर परिषद और बाड़ी में रमेश राजोरिया को नगरपालिका का प्रभार मिला है, जो इस इलाके में भाजपा की पैठ बढ़ाने के लिए अहम भूमिका निभाएंगे। पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बागड़ी द्वारा जारी इस सूची के बाद संभाग भर में कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा जा रहा है।