जयपुर

राजस्थान में मानसून आगमन को लेकर अच्छे संकेत, अगले 15 दिन में आने की संभावना, जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट

Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरूवार शाम को बदले मौसम के मिजाज ने लोगों को मानसून जैसे मौसम का अहसास कराया। हालांकि प्रदेश में अभी दक्षिण पश्चिमी मानसून का प्रवेश 20 जून के आसपास होने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं।

2 min read
Jun 05, 2026
Rajasthan weather forecast
photo: patrika

Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरूवार शाम को बदले मौसम के मिजाज ने लोगों को मानसून जैसे मौसम का अहसास कराया। हालांकि प्रदेश में अभी दक्षिण पश्चिमी मानसून का प्रवेश 20 जून के आसपास होने के संकेत मौसम विभाग ने दिए हैं। उससे पहले मौसम में आए बदलाव से प्री मानसून गतिविधियां शुरू होने पर पूर्वी राजस्थान के कई शहरों में हुई बारिश से पारे में हुई गिरावट ने गर्मी के तीखे तेवरों से राहत दिलाई।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के पूर्वी इलाकों में 5 और 6 जून को भी बारिश और धूलभरी हवा चलने की संभावना है। वहीं अगले सप्ताह भी एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने का पूर्वानुमान है, जिसके असर से 10 जून तक प्रदेश के दक्षिण पूर्वी भागों में तेज रफ्तार से धूलभरी हवा चलने और मेघगर्जन के साथ तेज बौछारें गिरने की आशंका है।

जून के पहले सप्ताह में मेघ मेहरबान

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जयपुर, बीकानेर और अजमेर में मेघ जमकर बरसे। बीते 24 घंटे में बीकानेर के डूंगरगढ़ में सर्वाधिक 75 मिमी ​बारिश मापी गई। अजमेर में 42.8 मिमी बारिश हुई वहीं जयपुर में 34.8 मिमी वर्षा मापी गई।

जयपुर शहर में बीते 6 साल में जून माह के प्रथम पखवाड़े में दूसरी बार सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई है। वर्ष 2025 में जयपुर शहर में जून माह के पहले सप्ताह में 77.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। गौरतलब है कि जयपुर में जून माह में औसत बारिश 61.9 मिमी है वहीं इस बार जून के पहले सप्ताह में ही बारिश के दौर से इस बार औसत से ज्यादा बारिश होने की संभावना है।

बीते 24 घंटे में कहां कितनी बारिश

क्रमजिलावर्षा (मिमी)
1अजमेर42.8
2जयपुर34.8
3पिलानी21.8
4भीलवाड़ा19.0
5सीकर13.0
6प्रतापगढ़12.5
7बीकानेर- डूंगरगढ़75.0
8कोटा10.0
9चित्तौड़गढ़10.0
10दौसा8.5
11अलवर7.2
12नागौर7.0
13फतेहपुर4.2

पश्चिमी राजस्थान में गर्मी के तीखे तेवर

पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वी राजस्थान में मेघगर्जन के साथ बारिश का दौर रहा। वहीं पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने पर गर्मी के तेवर तीखे बने रहे। श्रीगंगानगर में सर्वाधिक 44.1 डिग्री से​ल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ जो मैदानी इलाकों में सर्वाधिक रहा है। जैसलमेर 43.0, फलोदी 42.8, बीकानेर 42.0 और बाड़मेर में 41.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।

10 जून तक बारिश होने का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में इस बार जून में लगातार पश्चिमी विक्षोभ की आवाजाही रहने की संभावना है। 5 और 6 जून को भी कई शहरों में धूलभरी हवा चलने और मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। वहीं अगले सप्ताह प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर अंधड़ और बारिश का दौर जारी रहने की उम्मीद है।

राजस्थान में पिछले 5 वर्षों में मानसून की एंट्री

  • 2025: मानसून ने 18 जून को तय समय से दस्तक दी
  • 2024: मानसून की 25 जून के आसपास सामान्य समय पर हुई एंट्री
  • 2023: 25 जून को मानसून ने राज्य में प्रवेश किया
  • 2022: मानसून के आने में थोड़ी देरी हुई और यह 30 जून को पहुंचा
  • 2021: 18 जून के आसपास मानसून ने राजस्थान में प्रवेश किया था

25 जून से पहले मानसून की दस्तक संभव

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में इस बार भी दक्षिण पश्चिमी मानसून की दस्तक 25 जून से पहले होने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम मानसून अब केरल से देश में उत्तर की ओर बढ़ने लगा है। मानसून के 20 जून तक राजस्थान पहुंचने की संभावना है। आइएमडी के मुताबिक 2-3 दिन में मानसून गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक व तमिलनाडु के कुछ हिस्सों को कवर कर सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी के कुछ क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने की संभावना है।

Published on:
05 Jun 2026 12:48 pm