4 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में बदला मौसम, भीलवाड़ा में गिरे ओले, सात जून तक आंधी-बारिश की संभावना

राजस्थान में आंधी-बारिश के दौर के बाद अब फिर से गर्मी का जोर रहेगा। मौसम केन्द्र की ओर से गुरुवार को आगामी सप्ताह (5-11 जून) का पूर्वानुमान जारी किया गया है, जिसमें सात जून तक प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है।

2 min read
Google source verification
bhilwara rain news

भीलवाड़ा के शाहपुरा में बारिश के दौरान सड़क लबालब। फोटो पत्रिका

जयपुर। राजस्थान में आंधी-बारिश के दौर के बाद अब फिर से गर्मी का जोर रहेगा। मौसम केन्द्र की ओर से गुरुवार को आगामी सप्ताह (5-11 जून) का पूर्वानुमान जारी किया गया है, जिसमें सात जून तक प्रदेश में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई गई है। वहीं, सात जून के बाद इनमें कमी आने के आसार हैं।

प्रथम सप्ताह तक तापमान सामान्य (35-40 डिग्री) के आसपास रहने तथा दूसरे सप्ताह में सामान्य से ऊपर (40 डिग्री से अधिक) दर्ज होने की संभावना है। मौसम केन्द्र के अनुसार, पिछले सप्ताह (29 मई से 4 जून) के दौरान वर्षा औसत से अधिक दर्ज की गई। पूर्वी राजस्थान में 25.1 मिमी और पश्चिमी राजस्थान में 12.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

भीलवाड़ा में गिरे ओले

पश्चिमी विक्षोभ के असर से गुरुवार दोपहर बाद भीलवाड़ा, अलवर और झुन्झुनूं सहित कई शहरों में बारिश हुई। भीलवाड़ा के शाहपुरा, धनोप और सांगरिया सहित कई स्थानों पर बेर के आकार के बड़े-बड़े ओले गिरे, जिससे चारों तरफ सफेद चादर सी बिछ गई। जयपुर में दिनभर गर्मी और उमस के बाद देर शाम को मौसम बदला। इस दौरान शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई।

14 शहरों में तापमान 40 पार

गुरुवार को आंधी-बारिश के बीच 14 शहरों में तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया वहीं 11 शहरों में तापमान 40 के करीब रहा। सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 44.1 दर्ज किया गया।

सूरतगढ़ में बारिश-ओलावृष्टि और घड़साना में छत गिरने से युवक की मौत

श्रीगंगानगर में शाम को आए अंधड़ से एकबारगी रात जैसा अंधेरा छा गया। अंधड़ आने के बाद गर्मी और लू का प्रकोप कम हुआ, लेकिन सड़कों पर जमा धूल और कचरा उड़ने से जनजीवन कुछ देर के लिए अस्त-व्यस्त हो गया। सूरतगढ़ में अंधड़ के साथ तेज बारिश हुई। कुछ देर के लिए चने के आकार के ओले भी गिरे। जिले के पश्चिमी इलाके में तूफान ने अचानक दस्तक दी। तूफान का असर रावला, घड़साना व श्रीबिजयनगर क्षेत्र में रहा। घड़साना के गांव 12 एमएलडी में तूफान के कारण मकान की छत गिरने से कोमलसिंह नामक युवक की मृत्यु हो गई। उसकी पत्नी सर्वजीतकौर हादसे में घायल हो गई, जिसका उपचार घड़साना के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

गर्मी को बारिश ने धोया

अलवर जिले का मौसम शाम को पलट गया। दिनभर की उमसभरी गर्मी पर बारिश ने पानी फेर दिया। करीब आधा घंटे तक मध्यम गति से बारिश हुई। इसके बाद बूंदाबांदी का दौर चला। तेज हवा के साथ हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई। मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक अंधड़ व बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। शहर में सुबह से ही उमसभरी गर्मी का जोर रहा। बादल भी छाए और शाम को तेज हवा के साथ पहले बूंदाबांदी हुई। इसके बाद तेज हवा के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ जो रात तक जारी रहा। शहर का अधिकतम पारा 40.4 और न्यूनतम पारा 26.8 डिग्री से. दर्ज किया गया। जिले के पिनान, राजगढ़ के अलावा भिवाड़ी में भी बारिश हुई।