Rajasthan Crude Oil Theft Case: पेट्रोलियम पाइपलाइन से कच्चे तेल की संगठित चोरी के मामले में एसओजी की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।
जयपुर। पेट्रोलियम पाइपलाइन से कच्चे तेल की संगठित चोरी के मामले में एसओजी की जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। इस गिरोह के तार राजस्थान के अलावा हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश तक फैले हैं। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार सरगना राजीव सिंगर से पूछताछ में सामने आया है कि तेल चोरी का यह खेल कौड़ियों के दाम पर चल रहा था।
पूछताछ में आरोपी राजीव ने बताया कि रेवाड़ी में एक परिचित के जरिये उसका संपर्क तेल चोरी करने वाले गिरोह के टैंकर चालक से हुआ था। चालक वह तेल बाजार भाव (तब तकरीबन 70 रुपए) से कहीं कम मात्र 29 रुपए प्रति लीटर में बेच रहा था। राजीव ने उसे लालच देकर 31 रुपए प्रति लीटर में पूरा तेल गाजियाबाद तक पहुंचाने का सौदा तय कर लिया। बाद में नेटवर्क मजबूत होने पर वह 3-4 रुपए और बढ़ाकर 35 रुपए प्रति लीटर में तेल खरीदने लगा। एसओजी अब इस खरीद-फरोख्त में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब आइओसीएल पाइपलाइन के सहायक प्रबंधक हेमंत गोयल ने तेल चोरी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। शाहजहांपुर में 10 नवम्बर 2024 से लेकर 5 जनवरी 2025 तक पाइपलाइन से 36 टैंकर तेल चोरी किया गया था। एसओजी ने इस मामले में अब तक हरियाणा निवासी महावीर, यूपी निवासी सुदीप जिंदल उर्फ सुदीप लाला, अशोक कुमार चौहान, विजयपाल सिंह चौहान, दिनेश राठी, दिल्ली निवासी विजय सिंह और राजीव सिंगर को गिरफ्तार किया है।
मामले में एसओजी को अब 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश अर्जुन उर्फ बलजीत सिंह उर्फ टोनी की तलाश है। फिलहाल राजीव सिंगर से रिमांड के दौरान पूछताछ जारी है ताकि गिरोह के अन्य ठिकानों और सदस्यों का पता लगाया जा सके।