
Rajasthan Panchayat Election : राजस्थान में शनिवार को पंचायत चुनाव की घोषणा कर दी गयी, जो आगामी 23 अक्टूबर से चार चरणों में कराए जाएंगे। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक कराया जाएगा। इसी बीच राजस्थान पंचायत चुनाव के बेहद अहम 11 सवाल हैं। जानिए जवाब- मतदान से पहले जरूर पढ़ें।
1- क्या मैं किसी राजनीतिक दल को वोट दे सकूंगा, क्या ईवीएम का इस्तेमाल होगा?
पंच-सरपंच चुनाव बिना पार्टी सिंबल, मतपत्र से होंगे वहीं जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव पार्टी सिंबल पर ईवीएम से होंगे।
2- सरपंच का चुनाव लड़ रहा हूं तो प्रचार के लिए कितना समय मिलेगा?
नामांकन के बाद नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन के बाद ही प्रचार का असली दौर शुरू होगा। संबंधित चरण में मतदान से पहले तक प्रत्याशियों को प्रचार का समय मिलेगा।
3- पंचायत चुनाव में सबसे पहले वोट कब पड़ेगा?
पंचायत चुनाव का पहला चरण 23 अक्टूबर से शुरू होगा। पंच-सरपंच के लिए पहला मतदान 25 अक्टूबर को होगा।
4- इस बार कितने गांवों को मिलेगा नया सरपंच?
प्रदेश की 14,403 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुने जाएंगे। इनके साथ ग्राम पंचायतों के वार्डों में पंच भी चुने जाएंगे।
5- जिला परिषद और पंचायत समिति के चुनाव कब होंगे?
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव भी चार चरणों में होंगे। मतदान 23 अक्टूबर, 29 अक्टूबर, 4 नवंबर और 14 नवंबर को होगा।
6- पंचायत चुनाव में कितने लोग वोट डालेंगे?
इस बार कुल 4,03,07,308 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 2,08,87,351 पुरुष, 1,94,19,789 महिलाएं और 168 थर्ड जेंडर मतदाता हैं।
7- वोट डालने के लिए कितने मतदान केंद्र बनाए गए हैं?
ग्रामीण मतदाताओं के लिए प्रदेश में 45,384 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
8- वोटिंग का समय क्या रहेगा?
मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। यानी ग्रामीण मतदाताओं के पास वोट डालने के लिए पूरे दिन का समय रहेगा।
9- सरपंच के चुनाव का नतीजा कब आएगा?
सरपंच पद के लिए मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर होगी। यानी सरपंच का परिणाम उसी दिन सामने आ सकता है।
10- जिला परिषद और पंचायत समिति के नतीजे कब आएंगे?
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से होगी। मतगणना जिला मुख्यालयों पर की जाएगी।
11- जिला प्रमुख और प्रधान कब चुने जाएंगे?
जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख का 26 नवंबर को होगा। इसी तरह पंचायत समितियों में प्रधान का चुनाव 27 नवंबर और उपप्रधान का चुनाव 28 नवंबर को होगा।