
Kota Panchayat Election : प्रतीकात्मक फोटो एआइ से बनाया गया है।
Kota Panchayat Election : कोटा जिले में पंचायत राज संस्थाओं के आम चुनाव इस बार 2 चरणों में होंगे। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार कोटा जिले की छह पंचायत समितियों में से चार का चुनाव पहले चरण और शेष दो पंचायत समितियों का चुनाव दूसरे चरण में कराया जाएगा। जिले की 210 ग्राम पंचायतों में भी इसी के अनुरूप दो चरणों में मतदान होगा।
आयोग के निर्धारित कार्यक्रम में तीसरे चरण का मतदान 6 नवंबर और चौथे चरण का मतदान 16 नवंबर को प्रस्तावित है, लेकिन कोटा जिला पहले और दूसरे चरण में ही पूरा हो जाएगा। कोटा और बारां जिले में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख कार्यकाल दिसम्बर में पूरा होगा।
कोटा जिले में पहले चरण में लाडपुरा, सुल्तानपुर, सांगोद और इटावा पंचायत समितियों के लिए चुनाव होंगे। इन चार पंचायत समितियों में 160 ग्राम पंचायतें हैं। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण का मतदान 25 अक्टूबर 2026 को होगा। मतदान का समय सुबह 7 से शाम 6 बजे तक रहेगा। पंचायत समिति सदस्यों के साथ संबंधित ग्राम पंचायतों के चुनाव भी इसी चरण में होंगे।
दूसरे चरण में कोटा जिले की खैराबाद और चेचट दो पंचायत समितियों में चुनाव होंगे। इनमें 47 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। दूसरे चरण के लिए मतदान की तारीख 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित है। यहां भी मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। इस तरह जिले की सभी 210 ग्राम पंचायतों का चुनाव दो चरणों में पूरा होगा।
जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, प्रधान और उप प्रधान के चुनाव के लिए अलग से कार्यक्रम होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि कोटा समेत कुछ जिलों में मौजूदा जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के प्रधान-उपप्रधान का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होना है, इसलिए इन पदों के चुनाव की तारीख अलग से निर्धारित की जाएगी।
कोटा को लेकर आयोग ने अलग व्यवस्था की है। इन चार जिला परिषदों के जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के साथ संबंधित पंचायत समितियों के प्रधान और उपप्रधान का पांच साल का कार्यकाल दिसंबर 2026 में पूरा होगा, इसलिए इन पदों के चुनाव अभी नहीं कराए जाएंगे। हालांकि कोटा में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव मौजूदा कार्यक्रम के तहत होंगे। संबंधित प्रमुख, उपप्रमुख, प्रधान और उपप्रधान के चुनाव के लिए आयोग बाद में अलग तारीख घोषित करेगा।
Updated on:
03 Oct 2026 06:59 pm
Published on:
03 Oct 2026 06:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
