जयपुर

रंधावा से बोले गहलोत- पंजाब में पायलट आपके इंचार्ज, राजस्थान में आप इनके… फिर सचिन ने दिया ऐसा जवाब; वीडियो वायरल

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट की ओर इशारा करते हुए सुखजिंदर सिंह रंधावा से कहा कि देखिए! पंजाब में ये आपके इंचार्ज हैं और राजस्थान में आप इनके।
2 min read
• •
Oct 07, 2026
Ashok Gehlot-Sachin Pilot
सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा और अशोक गहलोत। फोटो: सोशल

जयपुर। राजस्थान में आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट के बीच हुई मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बैठक से पहले पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट की ओर इशारा करते हुए सुखजिंदर सिंह रंधावा से कहा कि देखिए! पंजाब में ये आपके इंचार्ज हैं और राजस्थान में आप इनके। अशोक गहलोत की इस बात पर मौजूद नेताओं की हंसी फूट पड़ी। इसी बीच सचिन पायलट ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि सर, कोई कहीं का भी इंचार्ज बने… पर हम सबके असली इंचार्ज तो आप ही हैं। दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत के इस अंदाज की सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर भी यूजर्स की अलग-अलग प्रतिक्रियांए सामने आ रहे है।

यूजर्स बोले- अच्छी बात है ये… कांग्रेस एकजुट

राजस्थान विप्र कल्याण बोर्ड समिति के सदस्य क्रांति तिवाड़ी ने कहा कि इस वीडियो में पायलट और गहलोत के आपसी संवाद में सब कुछ दिख रहा है और समझा जा सकता है कि पायलट किस तरह गहलोत को अपनत्व दिखाते हुए उनका सम्मान बड़ा रहे हैं। पर गहलोत साहब के जवाबी वाक्यों में थोड़ा दिख ही गया, खैर अच्छी बात है ये कांग्रेस एकजुट है। वहीं, कई यूजर्स ने कहा कि गहलोत-पायलट संवाद बड़ा इंटरेस्टिंग है।

बैठक शामिल होने आए थे गहलोत और पायलट

राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट बुधवार को पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में शामिल होने आए थे। इस दौरान तीनों नेताओं के बीच यह बातचीत हुई, जो चर्चा का विषय बन गया।

कांग्रेस की बैठक में दो घंटे तक चुनाव पर मंथन

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक करीब 2 घंटे तक चली। जिसमें आगामी पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों, संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में चुनावी तैयारियों के साथ स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान कांग्रेस महासचिव एवं पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने चुनावी तैयारियों को लेकर अपने सुझाव रखे और जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया। इसके अलावा राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी अपने विचार रखे।