जयपुर

राजस्थान पंचायत चुनाव: अंतिम चरण में 84.42 फीसदी मतदान, कई जिलों में बहा खून, देर रात तक जारी होंगे नतीजे

राजस्थान पंचायत चुनाव के आखिरी चरण में 84.42 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। 116 पंचायत समितियों की 3747 ग्राम पंचायतों में मतदान के दौरान कई जगह हिंसा, पथराव और मारपीट हुई। मुंडावर में तीन गांव भिड़े तो खेतड़ी में पूर्व सरपंच पर हमला हुआ।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 10:46 PM IST
panchayat chunav
मुंडावर. कालीपहाड़ी मतदान केन्द्र पर झड़प के बाद एकत्रित ग्रामीण। (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के अंतिम चरण में सोमवार को मतदान के दौरान लोकतंत्र के उत्सव के साथ कई जगह हिंसा और हंगामे की तस्वीरें भी सामने आईं। कहीं फर्जी मतदान के आरोपों पर दो पक्ष भिड़ गए तो कहीं पथराव और मारपीट में लोग घायल हो गए। मुंडावर के काली पहाड़ी में तीन गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए, जबकि झुंझुनूं के खेतड़ी में पूर्व सरपंच पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इन तमाम घटनाओं के बीच अंतिम चरण की 3747 ग्राम पंचायतों में 84.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, सोमवार को 116 पंचायत समितियों की 3747 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हुआ। इसके साथ ही पंचायत चुनाव के अंतिम चरण की मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। सबसे अधिक मतदान जैसलमेर जिले की खुहाड़ी पंचायत समिति में 92.51 प्रतिशत रहा, जबकि सबसे कम मतदान बालोतरा जिले की सिवाणा पंचायत समिति में 72.35 प्रतिशत दर्ज किया गया।

तीन गांवों के ग्रामीण आमने-सामने

खैरथल-तिजारा जिले के काली पहाड़ी ग्राम पंचायत में सरपंच पद को लेकर तीन गांवों के ग्रामीण आमने-सामने आ गए। फर्जी मतदान के आरोपों से शुरू हुआ विवाद मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। सबलगढ़ बनेठी, टेहड़का और काली पहाड़ी के ग्रामीणों के बीच हुई झड़प में चार लोग घायल हो गए। बंसीराम गुर्जर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अलवर रेफर किया गया। पुलिस अधीक्षक ब्रजेश उपाध्याय ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मतदान केंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

झुंझुनूं में पूर्व सरपंच पर हमला

खेतड़ी (झुंझुनूं): चुनावी विवाद के दौरान पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी पर हमला कर दिया गया। मारपीट में गंभीर घायल सैनी को बबाई अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया। इस दौरान तोड़फोड़ भी हुई।

पोकरण और बारां में मारपीट

बारां जिले के बापचा थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश को लेकर रविवार रात दो पक्ष भिड़ गए। दोनों पक्षों ने मारपीट और वाहनों में तोड़फोड़ के आरोप लगाते हुए नामजद रिपोर्ट दर्ज करवाई। वहीं जैसलमेर के पोकरण स्थित पदरोड़ा ग्राम पंचायत में फर्जी मतदान के आरोपों पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मतदान केंद्र पर हंगामे के बाद पुलिस ने समझाइश कर मामला शांत कराया।

बारां में वोट डालने पहुंचे बुजुर्ग की मौत

बारां जिले की कुंभाखेड़ी पंचायत मुख्यालय के मतदान केंद्र पर वोट डालने आए फूलबड़ौद निवासी 65 वर्षीय शिवनारायण कारपेंटर की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। वहीं चूरू जिले के रिड़खला गांव के मतदान केंद्र पर चुनाव ड्यूटी के दौरान पोलिंग पार्टी कर्मचारी रामकुमार (55) बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर तैनात पुलिस जवान बनवारीलाल शर्मा ने उन्हें सीपीआर दिया और निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। वहां उनका उपचार जारी है।

देर रात तक जारी होंगे पंच-सरपंच के रिजल्ट

अंतिम चरण में मतदान पूरा होने के बाद अब निर्वाचित वार्ड पंच मंगलवार को उप सरपंच का चुनाव करेंगे। सरपंच और वार्ड पंच पदों के नतीजे देर रात तक जारी होंगे। वहीं, जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। इनके लिए 20 नवंबर को सभी स्थानों पर एक साथ मतगणना होगी। इसके बाद 25 से 28 नवंबर तक जिला प्रमुख, प्रधान, उप जिला प्रमुख और उप प्रधान का निर्वाचन कराया जाएगा। इन पदों के लिए निर्वाचित सदस्य मतदान करेंगे।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
16 Nov 2026, 10:46 PM IST
Published on:
Also Read
View All
Khatu Shyamji Mela : खाटूश्यामजी मेला के लिए रींगस से चलेंगी 8 स्पेशल ट्रेनें, NW रेलवे के जयपुर मंडल ने किए विशेष इंतजाम

Rajasthan: पति-पत्नी के बीच छोटे-मोटे झगड़े क्रूरता नहीं, 11 साल पुराने दहेज प्रताड़ना के मामले पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

Sunny Deol Film : सनी देओल की फिल्म ‘सूर्या’ पर विवाद, राजस्थान हाईकोर्ट ने जारी किया नोटिस, अब 20 को नहीं होगी रिलीज

Jaipur News: दिवाली का ‘ब्रेक’ ख़त्म, अब जयपुर में बुलडोज़र एक्शन! सोडाला से गुर्जर की थड़ी तक के अतिक्रमणों पर बड़ा अपडेट 

Rajasthan : मेडिकल कॉलेजों में रैगिंग की बढ़ती घटनाओं से मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर नाराज, कहा- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई