
जयपुर। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए समानता नियमों को लेकर शुरू हुआ विवाद अब शिक्षा परिसरों से निकलकर सियासी गलियारों और चुनावी समीकरणों तक पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में इस मुद्दे पर सामान्य वर्ग के संगठनों का विरोध जारी है, वहीं दलित और पिछड़े वर्गों के संगठन नियमों को वापस लेने या कमजोर करने के खिलाफ आवाज उठा रहे है। इसी बीच राजस्थान के पंचायत चुनावों में भाजपा को मिले झटके के बाद आरक्षण और जातीय समीकरणों को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
एक वर्ग ग्रामीण नतीजों को यूजीसी विवाद से जोड़कर देख रहा है, जबकि कांग्रेस इसे सरकार के प्रति सभी वर्गों की नाराजगी का संकेत बता रही है। दरअसल, राजस्थान के पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस ने भाजपा से बेहतर प्रदर्शन किया है। कांग्रेस ने जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव में शानदार जीत दर्ज की है। ज्ञात है कि सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी को इन नियमों पर रोक लगा दी थी।
जिला पंचायत के नतीजों के बाद कांग्रेस ने दावा किया है कि राजस्थान के ग्रामीण नतीजे किसी एक जाति या वर्ग की नाराजगी का परिणाम नहीं हैं। किसान, युवा, कर्मचारी और समाज के अलग-अलग वर्ग सरकार से निराश हैं। जबकि सोशल मीडिया पर एक बड़ा वर्ग इन नतीजों के पीछे यूजीसी के नए समानता नियमों को बड़ा कारण बता रहा है। वहीं इसके विरोधी कह रहे हैं कि चुनाव हार के लिए यह सिर्फ बहाना है। भाजपा का असली मकसद देश में जातिगत आरक्षण खत्म करवाना है। ऐसे में यूजीसी विवाद ने आरक्षण, सामाजिक न्याय और जातीय प्रतिनिधित्व की बहस को और तेज कर दिया है। विपक्षी दलों की ओर से आगामी दिनों में इस मुद्दे को नई धार देने की तैयारी की जा रही हैं।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी चल रही है। जहां पहले से यूजीसी विवाद भाजपा के लिए सामाजिक समीकरणों के लिहाज से चुनौती बनता दिख रहा है। उत्तराखंड में भी हल्द्वानी, देहरादून और गढ़वाल क्षेत्र में विभिन्न संगठनों ने नियमों के खिलाफ प्रदर्शन किए हैं।
यूजीसी के मुद्दे पर अब भाजपा के भीतर भी विरोध के स्वर सार्वजनिक होने लगे हैं। श्रीविवेकानंद मंडल अध्यक्ष जितेंद्र राठौड की सोशल मीडिया पोस्ट ने पार्टी में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने यूजीसी को लेकर अपनी राय रखते हुए इसे वापस लेने (रोलबैक) की मांग की है। राठौड़ ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'बहुत हुआ, बहुत कुछ सुना है हमने। आखिर में कुल मिलाकर यूजीसी रोलबैक होना चाहिए।' कुछ नेताओं ने इस पर नाराजगी जाहिर की। गौरतलब है कि मंडल अध्यक्ष के पास करीब 15 वार्डों में पार्टी का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी है। अलवर भाजपा श्रीविवेकानंद मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र राठौड़ ने कहा कि यूजीसी मुद्दा आने के बाद पार्टी का कोर वोटर दूर हुआ है, इसलिए सोशल मीडिया पर अपने व्यक्तिगत विचार रखे हैं। इसमें कुछ भी गलत नहीं है।
यूजीसी ने 13 जनवरी 2026 को उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता को बढ़ावा देने के लिए नए नियम अधिसूचित किए थे। इनमें जातिगत भेदभाव की शिकायतों के निस्तारण के लिए समता समितियों और निगरानी व्यवस्था का प्रावधान किया गया। सामान्य वर्ग के संगठनों ने नियमों के दुरुपयोग व अपने प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल उठाए।