जयपुर

Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Election: 419 प्रधानों पर फैसला आज, 275 पंचायत समितियों में बहुमत के बावजूद कांग्रेस की बढ़ीं धड़कनें

Rajasthan Pradhan Election: राजस्थान के 37 जिलों में आज 419 पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव होगा। 275 समितियों में कांग्रेस और 63 में भाजपा को बहुमत है। जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब प्रधान चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग से उलटफेर की आशंका है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 7:27 AM IST
Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Election 2026
Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Election 2026 (Patrika Photo)

Rajasthan Panchayat Samiti Pradhan Election 2026: राजस्थान में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख चुनाव के बाद अब पंचायत समिति प्रधानों के चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के लिए चुनाव होंगे। दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। इसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं, 28 नवंबर को उप प्रधानों का चुनाव होगा।

बता दें कि जिला प्रमुख चुनाव में कई जगह हुए सियासी उलटफेर के बाद अब प्रधान चुनाव में भी क्रॉस वोटिंग की आशंका बढ़ गई है। कई जिलों में पंचायत समिति सदस्यों को बाड़ेबंदी से सीधे मतदान स्थल पर लाया जाएगा।

275 पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत

पंचायत समिति सदस्य चुनाव में कांग्रेस का पलड़ा भारी रहा है। प्रदेश की 275 पंचायत समितियों में कांग्रेस को बहुमत मिला है, जबकि भाजपा के पास 63 पंचायत समितियों में बहुमत है। शेष 81 पंचायत समितियों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। पंचायती राज संस्थाओं के इन चुनावों में दलबदल विरोधी कानून लागू नहीं होने के कारण सियासी जोड़-तोड़ की संभावना बनी हुई है। ऐसे में कांग्रेस के सामने अपने बहुमत को प्रधान पद की जीत में बदलने की बड़ी चुनौती है।

100 से ज्यादा प्रधान बनाने की रणनीति में भाजपा

भाजपा के रणनीतिकार 100 से ज्यादा पंचायत समितियों में अपना प्रधान बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। वहीं, कांग्रेस ने भी संभावित क्रॉस वोटिंग रोकने के लिए अपनी रणनीति तैयार की है। बता दें कि जिन पंचायत समितियों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, वहां निर्दलीय, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP), भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और अन्य दलों के सदस्यों की भूमिका अहम रहेगी।

मंत्रियों और दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर

प्रधान चुनाव में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के प्रभाव वाले क्षेत्रों में कौन कितने प्रधान बनाने में कामयाब होता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं। जिला प्रमुख चुनाव की तरह प्रधान चुनाव के नतीजे भी कई जगह चौंका सकते हैं।

पंचायत समिति सदस्य चुनाव में किस पार्टी ने कितनी सीटें जीतीं?

राजनीतिक दलजीते वार्ड
कांग्रेस (INC)3,772
भारतीय जनता पार्टी (BJP)2,218
निर्दलीय664
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP)497
भारत आदिवासी पार्टी (BAP)278
बहुजन समाज पार्टी (BSP)61
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (CPM)50
आम आदमी पार्टी (AAP)2
कुल7,542

प्रधान चुनाव का पूरा शेड्यूल

निर्वाचन प्रक्रियासमय
पंचायत समिति की बैठकसुबह 10 बजे
नामांकन दाखिलसुबह 11 बजे तक
नामांकन पत्रों की जांचसुबह 11:30 बजे
नाम वापसीदोपहर 1 बजे तक
चुनाव चिह्न आवंटनदोपहर 1 बजे के तुरंत बाद
मतदानदोपहर 3 से शाम 5 बजे तक
मतगणना एवं परिणाममतदान के तुरंत बाद