
जयपुर . सत्ता बदलती है, चेहरे बदलते हैं, अधिकारी बदलते हैं, लेकिन आम आदमी की परेशानियां क्यों नहीं बदलतीं? जनता की सुनवाई के बजाय सत्ता और अफसरशाही के बीच बढ़ती नजदीकियां क्या लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर कर रही हैं? राजस्थान पत्रिका के अग्रलेख 'हम तो डूबेंगे सनम…' पर मंगलवार को झालाना कार्यालय में आयोजित परिचर्चा में कुछ ऐसे ही तीखे सवाल उठे। पूर्व आइएएस, आइपीएस, आरएएस अधिकारियों, कानूनविदों और सामाजिक प्रतिनिधियों ने खुलकर कहा कि राजनीति में धनबल और माफिया का प्रभाव बढ़ रहा है। प्रबुद्धजनों ने कहा कि सरकार और प्रशासन का असली मूल्यांकन आम आदमी को मिलने वाली राहत के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने राजस्थान पत्रिका की निर्भीक पत्रकारिता की सराहना की।
पत्रिका के अग्रलेख ने सत्ता के चरित्र को उजागर किया है। राजनीतिक कार्यकर्ताओं को लग रहा है कि उनकी पीड़ा सामने आई है। नेता जमीन के कारोबारी बन रहे हैं और अधिकारियों के साथ गठजोड़ ने व्यवस्था को कमजोर किया है। शासन में जिनकी सुनवाई नहीं हो रही, उनकी आवाज मीडिया को बनना चाहिए।
-सूरजभान सिंह आमेरा, सहकार नेता
अधिकारियों की प्रतिबद्धता नागरिकों के प्रति कम और मनचाही पोस्टिंग हासिल करने में अधिक दिखाई देती है। निरीक्षण में कमियां मिलने पर भी कई लोग कार्रवाई से बचने के रास्ते तलाश लेते हैं। भर्ती संस्थाओं में योग्य और ईमानदार लोगों की नियुक्ति जरूरी है।
-अनिल कुमार अग्रवाल, सेवानिवृत्त आइएएस
जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा तो सवाल उठेंगे ही। मीडिया का काम तथ्यों का परीक्षण करना है, किसी का ट्रायल करना नहीं। समाधान की दिशा में काम करना चाहिए। आज जायज काम करवाने के लिए भी लोगों को अनुचित साधनों का सहारा लेना पड़ता है।
-जगरूप सिंह यादव, सेवानिवृत्त आइएएस
पहले जनप्रतिनिधियों की जनता में प्रतिष्ठा थी और नौकरशाही भी उनके प्रति जवाबदेह थी। अब भाजपा और कांग्रेस दोनों में भू-माफिया, खनन माफिया और धनबल वाले लोगों का प्रभाव बढ़ा है। पहले भाजपा में मंडल से जिला स्तर तक संगठनात्मक चुनाव होते थे, सामान्य कार्यकर्ता भी चुनाव लड़ सकता था। अब चुनाव की जगह ऊपर से नियुक्तियों का चलन बढ़ गया है।
-कैलाशनाथ भट्ट, पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता
डीओआइटी और जेजेएम घोटाला किसी से छिपे नहीं हैं। इन पर बड़े एक्शन होने चाहिए। लंबित शिकायतों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। भ्रष्टाचार में कई अधिकारी लिप्त हैं। एसीबी में मामले भी दर्ज हैं, लेकिन सख्त एक्शन नहीं हो रहा।
-टीएन शर्मा, संस्थापक सदस्य, पब्लिक अगेंस्ट करप्शन
समाज में मूल्यों का ह्रास हो रहा है। अखबारों को इस दिशा में जागरूकता पैदा करने और समाज को बचाने की भूमिका निभानी चाहिए।
-अभिषेक सिंघवी, सीए
पुलिस सुधारों को लेकर आयोग बने और पुलिस अधिनियम में बदलाव भी हुए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित सुधार नहीं दिखे। पुलिसकर्मी 12 से 18 घंटे तक काम करते हैं, फिर भी कल्याणकारी व्यवस्थाएं कमजोर हैं। तबादला नीति में ईमानदारी का अभाव है।
-अनिल गोठवाल, सेवानिवृत्त आरपीएस
आज पैसा ही प्रतिष्ठा का आधार बनता जा रहा है। अधिकारी अपनी अचल संपत्ति का जो विवरण देते हैं, उसकी जांच तक नहीं होती। बिना सुविधा शुल्क काम मुश्किल हो गया है। राजनीति में धनबल और जातिवाद हावी हैं। जीरो टोलरेंस की जिम्मेदारी सरकार ही नहीं, बल्कि विभाग के मुखिया की भी है।
-रविप्रकाश मेहरडा, पूर्व महानिदेशक, पुलिस
वन भूमि पर लगातार कब्जे हो रहे हैं। बारां के मामले में वन मंत्री और डीएफओ को लिखने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। सरकार बहुमंजिला इमारतों को पानी नहीं दे सकती तो उनके नक्शे क्यों स्वीकृत किए जा रहे हैं? मीडिया को जागे हुए लोगों को भी जगाना होगा।
-एचएस आजाद, सेवानिवृत्त टाउन प्लानर
पत्रिका ने कभी समझौता नहीं किया। हर नागरिक को सरकार के कार्यों की समीक्षा करने का अधिकार है। जनता की सुरक्षा पर सरकार और अधिकारियों को काम करना चाहिए। शिक्षा महंगी हो गई है, एमबीबीएस करना मुश्किल हो गया है। क्या एक विशेष वर्ग ही शिक्षा लेने का अधिकार रखता है?
-मदन सिंह काला, सेवानिवृत्त आइएएस