
RDPL News : राजस्थान सरकार ने जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में 9 साल से बंद पड़ी सार्वजनिक क्षेत्र की एक मात्र दवा कंपनी राजस्थान ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल कंपनी लिमिटेड (आरडीपीएल) को शुरू करने के लिए केन्द्र के बकाया 7.19 करोड़ रुपए का भुगतान कर दिया है। इसके बाद अब कंपनी का स्वामित्व राजस्थान सरकार के पास आ गया है।
राज्य के वित्त विभाग ने केन्द्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्युटिकल विभाग को देने के लिए 21.45 करोड़ रुपए चिकित्सा विभाग के लिए इस वर्ष 29 मार्च को स्वीकृत किए थे। जिसके लिए राजस्थान मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन (आरएमएससीएल) को नोडल विभाग बनाया गया था। राज्य सरकार इस कंपनी को अब सरकारी के बजाय पीपीपी मोड पर चलाने की तैयारी में है।
आरडीपीएल को पुन: चलाने के लिए 20 मार्च 2023 को तत्कालीन कांग्रेस सरकार में कैबिनेट ने अप्रूवल दी थी। उसके बाद वर्तमान सरकार के मंत्रियों की कमेटी की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री ने 8 जनवरी 2025 को आरडीपीएल को पुन: चलाने का आदेश देकर भारत सरकार को शेयर एवं देनदारियों के लिए स्वीकृति जारी की थी।