जयपुर

Rajasthan Pre-monsoon : राजस्थान में प्री-मानसून ने पकड़ी रफ्तार, तीन दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट

राजस्थान में प्री-मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्री-मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 92 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।
2 min read
Jun 21, 2026
Rajasthan Rain
बारिश का फाइल फोटो: पत्रिका

Rajasthan pre monsoon update : जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, प्री-मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 92 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। आगामी तीन दिन भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी, मेघगर्जन और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मौसम केन्द्र के अनुसार, पिछले 24 घंटे में बारां जिले के अटरू में सर्वाधिक 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा कोटा संभाग के कई इलाकों में अच्छी वर्षा हुई। जयपुर में देर रात से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो सुबह आठ बजे तक रुक-रुक जारी रहा। भी दिनभर बादलों की आवाजाही रही और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई।

पारे में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज

मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से लगातार मिल रही नमी के कारण प्री-मानसून गतिविधियां मजबूत बनी हुई हैं। इधर, बारिश से राज्य में दिन का पारे में सामान्य से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं रात के न्यूनतम तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट हुई। राज्य में सबसे अधिक दिन का पारा श्रीगंगानगर में 42 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, संगरिया और जोधपुर शहर में 31 डिग्री रात का न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिन विशेषकर पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं तेज हवा (40 से 50 किमी प्रति घंटा), मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में भी छिटपुट बारिश होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश से दिन के तापमान में और गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।

कोटा में झमाझम बारिश

कोटा शहर में दोपहर करीब 3 बजे मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो गया। करीब आधे घंटे तक चली तूफानी बारिश के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। इससे कई इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया। तेज बारिश और हवा के कारण कुछ दूरी तक भी दिखाई देना मुश्किल हो गया। मौसम विभाग ने पहले ही कोटा संभाग के लिए यलो अलर्ट जारी किया था।

तूफानी हवाओं के चलते शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। छावनी-गुमानपुरा रोड पर एक विशालकाय पेड़ गिरने से मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर लंबा जाम लग गया। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पेड़ की चपेट में आने से एक मोटरसाइकिल और सड़क किनारे चाय की थड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 1 डिग्री गिरकर 36.1 व न्यूनतम तापमान 1 डिग्री बढ़कर 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कोटा में 6.0 एमएम बारिश दर्ज की गई।

Updated on:
21 Jun 2026 09:31 pm
Published on:
21 Jun 2026 09:31 pm