जयपुर

Result 2026: राजस्थान PTET का परिणाम जारी, सफल अभ्यर्थी 2 वर्षीय B.Ed कोर्स में ले सकेंगे एडमिशन

राजस्थान पीटीईटी 2026 के अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म हो गया है। वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी (VMOU) कोटा की ओर से आज रिजल्ट जारी कर दिया है। परिणाम जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थी बीएड कॉलेजों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
2 min read
Jun 25, 2026
PTET Result
अभ्यर्थियों की फाइल फोटो: पत्रिका

Rajasthan PTET Result 2026 Released: वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी (VMOU) कोटा की ओर से आयोजित राजस्थान प्री-टीचर एजुकेशन टेस्ट (PTET) का रिजल्ट आज 25 जून 2026 को जारी कर दिया गया है। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी यूनिवर्सिटी की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकेंगे। रिजल्ट जारी होने के बाद जल्द ही बीएड कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।

राजस्थान पीटीईटी परीक्षा का आयोजन 14 जून को राजस्थान के विभिन्न केंद्रों पर किया गया था। ये परीक्षा मुख्य रूप से 2 साल के बीएड कोर्स में एंट्री के लिए आयोजित की जाती है। इस बार परीक्षा में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा के लिए कुल 1 लाख 26 हजार 600 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1 लाख 7 हजार 575 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए।

3 स्टेप में डाउनलोड करें PTET रिजल्ट

  1. सबसे पहले PTET की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर रिजल्ट लिंक पर क्लिक करें।
  2. इसके बाद दो वर्षीय बीएड कोर्स का विकल्प चुनकर अपना रोल नंबर और मांगी गई जानकारी दर्ज करें।
  3. ओके करते ही रिजल्ट स्क्रीन पर दिखाई देगा। अभ्यर्थी अपना रिजल्ट डाउनलोड कर उसका प्रिंट भी निकाल सकते हैं, ताकि आगे की प्रवेश प्रक्रिया में परेशानी न हो।

इस बार बीएड में दाखिले को लेकर प्रतिस्पर्धा पहले के मुकाबले कम रहने की उम्मीद है। दरअसल पहले पीटीईटी के जरिए 2 साल बीएड के साथ-साथ 4 साल इंटीग्रेटेड बीए-बीएड और बीएससी-बीएड पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश मिलता था। लेकिन एनसीटीई की नई गाइडलाइन के बाद 4 साल के इंटीग्रेटेड कोर्स में प्रवेश प्रक्रिया रोक दी गई है। अब अभ्यर्थियों को दो वर्षीय बीएड पाठ्यक्रम में ही प्रवेश दिया जाएगा। रिजल्ट के बाद काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होगी, जिसमें अभ्यर्थियों को कॉलेज चयन का मौका मिलेगा।

जुलाई से शुरू हो सकता है नया शैक्षणिक सत्र

रिजल्ट जारी होने के बाद जल्द ही राजस्थान के बीएड कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। इस साल राजस्थान के करीब 935 बीएड कॉलेजों में प्रवेश दिए जाएंगे। बीएड पाठ्यक्रम की कुल 1 लाख 7 हजार 40 सीटों पर विद्यार्थियों को मौका मिलेगा। नया शैक्षणिक सत्र जुलाई से शुरू होने की संभावना है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी परिणाम के बाद सफल अभ्यर्थियों को काउंसलिंग और कॉलेज आवंटन प्रक्रिया में भाग लेना होगा। इसके बाद मेरिट और उपलब्ध सीटों के आधार पर बीएड कॉलेजों में प्रवेश दिया जाएगा।

Updated on:
25 Jun 2026 11:41 am
Published on:
25 Jun 2026 10:49 am