Rajasthan Ramjal Setu Project: 1915 करोड़ रुपए की राम जल सेतु लिंक परियोजना अब अहम पड़ाव पर पहुंच गई है। इस योजना के तहत ईसरदा बांध से रामगढ़ बांध में पानी लाया जाएगा।
Ramgarh Dam: जयपुर/जमवारामगढ़। राजधानी जयपुर में जल संकट से जूझ रहे ग्रामीण इलाकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राजस्थान सरकार के प्रथम अंतरिम बजट 2024-25 में स्वीकृत 1915 करोड़ रुपए की राम जल सेतु लिंक परियोजना (संशोधित ईआरसीपी-पीकेसी) अब अहम पड़ाव पर पहुंच गई है।
इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत टोंक जिले के ईसरदा बांध से पानी लाकर जयपुर के रामगढ़ बांध को फिर से जीवंत किया जाएगा। 5 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वंदे भारत जल संरक्षण जन अभियान के तहत रामगढ़ बांध में श्रमदान कर जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया था।
अक्टूबर 2025 में जल परिवहन फीडर पाइपलाइन निर्माण के लिए टेंडर जारी हुआ, जो हैदराबाद की जीवीपीआर इंजीनियर्स लिमिटेड को मिला। हालांकि फरवरी 2026 तक कार्य शुरू होने की उम्मीद थी, लेकिन अभी तक निर्माण प्रारंभ नहीं हो सका है।
वर्तमान में ईसरदा से रामगढ़ तक फीडर पाइपलाइन के फाइनल अलाइमेंट का विस्तृत सर्वे चल रहा है। पहले 120 किलोमीटर के प्रस्ताव में 78 किलोमीटर पाइपलाइन और शेष नहर निर्माण शामिल था। अब पूरी पाइपलाइन और पाइपलाइन मय नहर दोनों विकल्पों पर सर्वे किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार अलाइमेंट सर्वे की समय सीमा 21 मार्च निर्धारित है। सर्वे पूर्ण होते ही कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि परियोजना के धरातल पर उतरते ही रामगढ़ बांध में स्थायी जल उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी।
ईसरदा बांध से रामगढ़ बांध तक पाइपलाइन से पानी लाने का फाइनल अलाइमेंट सर्वे चल रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद कार्यादेश जारी किया जाएगा।
-रवि सोलंकी, प्रबंध निदेशक व मुख्य अभियंता ईआरसीपी कॉर्पोरेशन